1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्रिकेट से लेकर फुटबॉल तक, साल 2026 में खेल की दुनिया में होंगे ये बड़े इवेंट्स

क्रिकेट से लेकर फुटबॉल तक, साल 2026 में खेल की दुनिया में होंगे ये बड़े इवेंट्स

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jan 01, 2026 08:06 am IST,  Updated : Jan 01, 2026 08:06 am IST

साल 2026 खेल प्रेमियों के लिए काफी शानदार रहने वाला है, जिसमें जनवरी में जहां उन्हें अंडर19 वर्ल्ड कप देखने को मिलेगा तो वहीं पुरुष और महिला के टी20 वर्ल्ड कप भी इसी साल खेले जाएंगे। इसके अलावा फुटबॉल वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स का भी आयोजन होना है।

T20 World Cup Trophy And Football World Cup Trophy- India TV Hindi
टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी और फुटबॉल वर्ल्ड कप ट्रॉफी। Image Source : PTI/AP

खेल प्रेमियों के लिए साल 2025 जहां काफी शानदार रहा जिसमें उन्होंने कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले तो वहीं अब साल 2026 उससे भी कहीं अधिक बड़ा होने वाला है। साल की शुरुआत में ही आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप जहां खेला जाएगा तो इसके बाद पुरुष टी20 वर्ल्ड कप का भी आयोजन होगा जिसकी शुरुआत 7 फरवरी से होगी। वहीं इसके अलावा इस साल का सबसे बड़ा खेल इवेंट 11 जून से आयोजित होगा जो फुटबॉल वर्ल्ड कप है जिसका ऐलान काफी पहले किया जा चुका है और इसको लेकर सभी स्पोर्ट्स फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में हम आपको साल 2026 में होने वाले बड़े स्पोर्ट्स इवेंट के बारे में बताने जा रहे हैं।

1 - आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप

साल 2026 की शुरुआत में 15 जनवरी से लेकर 6 फरवरी तक आईसीसी अंडर 19 वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा, जिसकी मेजबानी इस बार संयुक्त रूप से जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से कर रही हैं। इस बार भी सभी की नजरें भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम पर रहने वाली हैं जो खिताब जीतने की प्रबल दावेदारों में शामिल हैं।

2 - टी20 वर्ल्ड कप 2026

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप पुरुष का इवेंट इस बार भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा। पिछली बार की तरफ इस बार भी टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें कुछ ऐसी टीम भी शामिल हैं जो पहली बार इस बड़े टूर्नामेंट में खेलते हुए दिखेंगी। वहीं टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में जगह मिली है जिसमें दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को मुकाबला खेला जाएगा।

3 - आईपीएल का 19वां सीजन

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत 26 मार्च से हो सकती है, जिसमें मई के आखिरी सप्ताह में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस बार सभी 10 टीमों में कुछ बड़े बदलाव भी देखने को मिले हैं, जिसमें संजू सैमसन पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में खेलते हुए दिखने वाले हैं।

4 - आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप

पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के अलावा इस बार आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का भी आयोजन किया जाएगा, जिसकी मेजबानी इंग्लैंड कर रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी तो वहीं फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान की महिला टीम के बीच में मुकाबला 14 जून को होगा।

5 - टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा

भारतीय टीम इस साल जुलाई महीने की शुरुआत में इंग्लैंड का दौरा करेगी जहां पर उन्हें तीन वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। साल 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी को ध्यान में रखते हुए टीम इंडिया के लिए ये सीरीज काफी अहम रहने वाली है। टीम इंडिया को पहले इस दौरे पर एक जुलाई से 11 जुलाई तक 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है, तो वहीं 14 जुलाई से 19 जुलाई तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है।

6 - फुटबॉल वर्ल्ड कप

साल 2026 के सबसे बड़े खेल के इवेंट में फुटबॉल वर्ल्ड कप भी शामिल है जिसकी शुरुआत 11 जून से होगी तो वहीं फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को खेला जाएगा। इस बार फुटबॉल वर्ल्ड कप की मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको मिलकर संयुक्त रूप से कर रहे हैं, जिसमें फाइनल मुकाबला अमेरिका में खेला जाएगा। फीफा ने वर्ल्ड कप के लिए मुख्य ड्रॉ का भी ऐलान कर दिया है, जिसमें सभी टीमों के ग्रुप तय हो गए हैं।

7 - टेनिस में ऑस्ट्रेलियन ओपन से होगी शुरुआत

टेनिस के साल 2026 के बड़े इवेंट्स को लेकर बात की जाए तो उसमें सबसे पहले ऑस्ट्रेलियन ओपन का नाम आता है, जो 12 जनवरी से शुरू होगा तो वहीं फाइनल मुकाबला एक फरवरी को खेला जाएगा। इसके बाद मई के आखिर में फ्रेंच ओपन खेला जाएगा तो वहीं 29 जून से विंबलडन की शुरुआत होगी तो वहीं फाइनल 12 जुलाई को होगा। इसके बाद साल के अंत में यूएस ओपन खेला जाएगा।

8 - कॉमनवेल्थ गेम्स

स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में साल 2026 में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत 23 जुलाई से होगी तो वहीं अंत 2 अगस्त को किया जाएगा। कई स्पोर्ट्स एथलीट के लिए इस साल का ये सबसे बड़ा इवेंट रहने वाला है, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों पर भी नजरें रहेंगी।

9 - एशियन गेम्स

जापान में इस बार एशियन गेम्स का आयोजन किया जाएगा जो 19 सितंबर से शुरू होगा तो 4 अक्टूबर तक खेला जाएगा। पिछले कुछ सालों में भारतीय एथलीटों का एशियन गेम्स में काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, ऐसे में इस बार उनसे और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

10 - हॉकी वर्ल्ड कप

साल 2026 में हॉकी वर्ल्ड कप का भी आयोजन किया जाएगा, जिसकी मेजबानी इस बार नीदरलैंड्स और बेल्जियम संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इस वर्ल्ड कप की शुरुआत 14 से 30 अगस्त तक किया जाएगा, जिसमें हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम अपनी जगह पहले ही बना चुकी है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल