ICC वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर जीत के साथ अभियान का आगाज किया। इसके बाद टीम इंडिया को अगला मुकाबला उस टीम से खेलना है जिनसे अभी तक उनका एक बार भी आमना-सामना नहीं हुआ है। हम बात कर रहे हैं नीदरलैंड्स की, जो ICC वुमेंस T20I रैंकिंग में फिलहाल 14वें नंबर पर है। वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में अभी तक भारत और नीदरलैंड्स के बीच एक भी मुकाबला नहीं खेला गया है। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला 17 जून को लीड्स में खेला जाएगा।
नीदरलैंड्स को अपने पहले मैच में मिली थी हार
नीदरलैंड्स महिला टीम की बात करें तो इस वुमेंस वर्ल्ड कप में उनकी टीम भी एक मैच खेल चुकी है। पहले मैच में उनका सामना बांग्लादेश से हुआ था, जहां उन्हें 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। भले ही इस मैच में नीदरलैंड्स की टीम हार गई हो लेकिन वहां उन्होंने बांग्लादेश टीम को कड़ी टक्कर दी थी। उस मैच में नीदरलैंड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाने में कामयाब रही थी। इसके बाद 140 रन बनाने में बांग्लादेशी टीम को 19.1 ओवर लग गए थे। ऐसे में उम्मीद यही है कि नीदरलैंड्स की टीम अगले मैच भारत की भी कड़ी टक्कर देगी।
नीदरलैंड्स की इस खिलाड़ी से टीम इंडिया को रहना होगा सावधान
बांग्लादेश के खिलाफ मैच में नीदरलैंड्स की कप्तान बाबेट डी लीड ने शानदार बल्लेबाजी की थी। उस मैच में उन्होंने 45 बॉल पर 5 चौके की मदद से 50 रन बनाए थे। ऐसे में टीम इंडिया को अपने अगले मैच में भी बाबेट लीड से सावधान रहने की जरूरत है। टीम इंडिया का पलड़ा इस मैच में जरूर भारी लग रहा है, लेकिन टी20 फॉर्मेट में किसी भी टीम को हल्के में लेना टीम इंडिया को भारी पड़ सकता है। ऐसे में भारतीय टीम एक मजबूत प्लेइंग XI के साथ मैदान पर उतरेगी और अपने विनिंग मोमेंटम को बरकरार रखना चाहेगी।
मंधाना और दीप्ति ने पहले मैच में किया था कमाल
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने बेहतरीन बैटिंग की थी। वहीं गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने कमाल किया था। उस मैच में मंधाना ने 44 बॉल पर 68 रनों की एक शानदार पारी खेली थी, अपनी उस पारी में उन्होंने 9 चौके और दो छक्के लगाए थे। ऋचा घोष ने लोअर ऑर्डर में 17 बॉल पर 34 रनों की तेज पारी खेली थी। वहीं दीप्ति शर्मा की बात करें तो उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में 10 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए थे।
यह भी पढ़ें
भारतीय टीम के स्क्वाड में बदलाव, बीसीसीआई ने सीरीज के बीच अचानक लिया फैसला
एक दिन में टीम इंडिया खेलेगी 3 मुकाबले, सुबह से शाम तक एक्शन, नोट कीजिए मैच शुरू होने का वक्त