IND vs AFG, 2nd ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार यानी 17 जून को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। धर्मशाला में पहला मैच जीतकर टीम इंडिया पहले ही सीरीज में बढ़त बना चुकी है। ऐसे में शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम की नजरें अब लखनऊ में जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम करने पर होंगी। मुकाबले से पहले आइए जानते हैं कि इकाना स्टेडियम में भारतीय टीम का ODI रिकॉर्ड कैसा रहा है।
टीम इंडिया की नजर सीरीज जीतने पर
शुभमन गिल की कप्तानी में खेल रही टीम इंडिया के पास इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने का सुनहरा मौका होगा। हालांकि, मुकाबले से पहले चर्चा लखनऊ के इकाना स्टेडियम की भी हो रही है, जहां भारतीय टीम ने अब तक बहुत कम ODI मैच खेले हैं, लेकिन यहां की कुछ यादें बेहद खास रही हैं।
पहले ODI में अफगानिस्तान ने रहमानुल्लाह गुरबाज के विस्फोटक शतक की मदद से मजबूत स्कोर खड़ा किया था। बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार जवाब दिया और सात विकेट से जीत हासिल की। कप्तान शुभमन गिल ने अर्धशतक जमाकर जीत दिलाई थी। अब दूसरे मुकाबले में रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों से भी बड़ी पारियों की उम्मीद रहेगी।
ऐसा रहा है रिकॉर्ड
अगर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत के ODI रिकॉर्ड की बात करें तो टीम इंडिया ने यहां अब तक दो मुकाबले खेले हैं। इनमें एक मैच में जीत मिली है, जबकि एक बार हार का सामना करना पड़ा है। भारत का इस मैदान पर हाईएस्ट स्कोर 240/8 रहा है, जो उसने अक्टूबर 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 40 ओवर के मुकाबले में बनाया था। वहीं सबसे कम स्कोर 229/9 का रहा, जो 2023 ODI वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ बना था।
दिलचस्प बात यह है कि इसी मैच में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराकर यादगार जीत हासिल की थी। उस मुकाबले में रोहित शर्मा ने 101 गेंदों में 87 रन की शानदार पारी खेली थी, जो आज भी इकाना में किसी भारतीय बल्लेबाज का हाईएस्ट ODI स्कोर है। रोहित के नाम इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन और सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी औसत का रिकॉर्ड भी दर्ज है। रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और संजू सैमसन तीनों के नाम इकाना स्टेडियम में एक-एक अर्धशतक दर्ज है।
गेंदबाजी की बात करें तो मोहम्मद शमी का प्रदर्शन सबसे प्रभावशाली रहा है। अनुभवी तेज गेंदबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप मुकाबले में 7 ओवर में सिर्फ 22 रन देकर 4 विकेट झटके थे। यही इस मैदान पर किसी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। शमी के नाम यहां सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है।
यह भी पढ़ें:
केन विलियमसन की जगह नंबर 3 पर कौन करेगा बल्लेबाजी, कप्तान टॉम लैथम ने कर दिया साफ
एक दिन में टीम इंडिया खेलेगी 3 मुकाबले, सुबह से शाम तक एक्शन, नोट कीजिए मैच शुरू होने का वक्त