इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 17 जून से ओवल में खेला जाएगा। इस मैच में न्यूजीलैंड के लिए नंबर 3 पर कौन बल्लेबाजी करेगा ये एक बड़ा सवाल है। दरअसल इंग्लैंड दौरे के बीच में न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने संन्यास ले लिया है। इसके बाद से सबके मन में सबसे बड़ा सवाल ये है कि नंबर 3 पर कौन बैटिंग करेगा तो इसका जवाब न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान टॉम लैथम ने दिया है।
हेनरी निकोल्स करेंगे नंबर 3 पर बैटिंग
केन विलियमसन के अचानक संन्यास लेने के बाद, न्यूजीलैंड ने इस हफ्ते द ओवल में होने वाले मैच के लिए हेनरी निकोल्स को टीम में शामिल किया है। इस बार निकोल्स को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने की एक नई जिम्मेदारी दी गई है। 34 साल के निकोल्स ने साल 2024 की शुरुआत से अब तक केवल दो टेस्ट मैच खेले हैं। ये दोनों मैच पिछले साल जिम्बाब्वे दौरे उन्होंने खेला था, जिसमें विलियमसन नहीं खेले थे। वैसे तो निकोल्स ने अपने टेस्ट करियर में ज्यादातर नंबर 5 पर बल्लेबाजी की है, लेकिन उस दौरे पर उन्होंने नंबर 3 पर बल्लेबाजी की थी। अब इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले मैच में वे इसी नंबर पर खेलते नजर आएंगे।
घरेलू सीजन में हेनरी निकोल्स का प्रदर्शन रहा था शानदार
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने मंगलवार को ट्रेनिंग से पहले इस खबर की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि निकोल्स को घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है। निकोल्स ने घरेलू सीजन में कैंटरबरी टीम के लिए खेलते हुए 11 पारियों में 96.66 की शानदार औसत से सबसे ज्यादा 870 रन बनाए थे। लैथम ने कहा कि निकोल्स के पास इंटरनेशनल क्रिकेट का अच्छा अनुभव है। भले ही वे कुछ समय से टीम से बाहर थे, लेकिन उन्होंने घरेलू मैचों में खूब रन बनाकर टीम में अपनी जगह दोबारा पक्की की है। उनके पास नंबर 3 पर खुद को साबित करने का यह एक शानदार मौका है।
लॉर्ड्स टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को मिली थी हार
दोनों टीमों के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच लॉर्ड्स में खेला गया था। उस मैच में कीवी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। दूसरे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने प्लेइंग XI का ऐलान कर दिया है। इस मैच के लिए उन्होंने अपनी टीम में चार बदलाव किए हैं। बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन नाइटक्लब विवाद के बाद इस मैच से बाहर हो गए हैं। इसके साथ ही दो खिलाड़ी इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए डेब्यू करेंगे।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी को उकसाना पड़ा भारी, श्रीलंका के दो प्लेयर्स को मैच रेफरी ने दी सजा, लगा जुर्माना