आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभी तक सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली टीमों का फैसला नहीं हो सका है। ग्रुप-ए की स्थिति को देखा जाए तो उसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम की जगह पक्की मानी जा रही है तो वहीं दूसरी टीम के लिए भारत और साउथ अफ्रीका की महिला टीम रेस में बनी हुई हैं। ग्रुप-ए में शामिल भारतीय महिला टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मुकाबलों में जीत हासिल करनी होगी, जिसमें उनको अपने नेट रनरेट का भी ध्यान देना होगा। भारतीय टीम को बांग्लादेश महिला टीम के खिलाफ होने वाला मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेलना है जहां की पिच को लेकर भी सभी की नजरें टिकी हुई हैं जो बल्लेबाजी के लिए मुफीद हो सकती है। ऐसे में पहले बैटिंग करने वाली टीम को बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करनी होगी।
वर्ल्ड कप में खेले जा चुके हैं मैनचेस्टर के स्टेडियम में तीन मुकाबले
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में अभी तक आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से 2 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम मुकाबला अपने नाम करने में कामयाब रही है तो वहीं एक बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है। भारतीय महिला टीम ने अपना पिछला मुकाबला जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था वह इसी मैदान पर था, जिसमें टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 158 रनों का स्कोर बनाया था। इस मैच में शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाजों को पिच से थोड़ा मदद मिलते हुए देखने को मिली थी तो वहीं खेल आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाज हावी होते दिखाई दिए थे। ऐसे में टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली हैं। वहीं इस मुकाबले के दौरान मैनचेस्टर के मौसम को लेकर बात की जाए तो एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार वह पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद जिससे बारिश का किसी तरह कोई खलल नहीं पड़ेगा।
टीम इंडिया का अब तक बांग्लादेश के खिलाफ दिखा है दबदबा
भारतीय महिला टीम का बांग्लादेश के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें साफतौर पर टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला है। दोनों टीमों के बीच में खेले गए 23 मुकाबलों में भारतीय महिला टीम 20 मैचों को अपने नाम करने में कामयाब रही है तो वहीं सिर्फ तीन मैचों को ही बांग्लादेश महिला टीम जीत सकी है। ऐसे में टीम इंडिया इसी शानदार रिकॉर्ड को इस मुकाबले में भी कायम रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
ये भी पढ़ें
भारतीय महिला टीम के लिए करो या मरो की स्थिति, बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा रहा है T20I में रिकॉर्ड