1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. साउथैम्प्टन की पिच पर बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा दबदबा, अब तक ऐसा रहा है यहां का रिकॉर्ड

साउथैम्प्टन की पिच पर बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा दबदबा, अब तक ऐसा रहा है यहां का रिकॉर्ड

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jul 11, 2026 12:42 pm IST,  Updated : Jul 11, 2026 12:42 pm IST

साउथैम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 11 जुलाई को खेला जाएगा, ऐसे में सभी की नजरें इस मैच की पिच को लेकर भी टिकी हुई हैं।

The Rose Bowl- India TV Hindi
रोज बाउल स्टेडियम, साउथैम्प्टन Image Source : AFP

भारत और इंग्लैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश के चलते रद्द होने के बाद मेजबान इंग्लैंड ने अगले तीन मैचों में लगातार जीत हासिल करते हुए सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला साउथैम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में टीम इंडिया की नजरें जीत हासिल कर अपने सम्मान को जहां बचाने पर होगी तो वहीं इंग्लैंड 4-0 से अंत करने की कोशिश करेगा ताकि आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में नंबर-1 की पोजीशन को हासिल किया जा सके जिसपर पिछले चार सालों से भारतीय टीम का कब्जा बरकरार देखने को मिल रहा है। ऐसे में रोज बाउल की पिच को लेकर भी सभी की नजरें टिकी रहने वाली हैं जहां पर अब तक पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का पलड़ा भारी दिखा है।

रोज बाउल की पिच बल्लेबाजी के लिए मानी जाती मुफीद

साउथैम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर अब तक बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। इस सीजन में हैम्पशायर के यहां पर खेले गए टी20 ब्लास्ट के 6 मुकाबलों में पहली पारी का औसत स्कोर 174 रनों का देखने को मिला है, जिसमें 173, 190 और 200 रनों का स्कोर पहले बल्लेबाजी करते हुए उसका सफलतापूर्वक बचाव भी किया है। ऐसे में भारत और इंग्लैंड के बीच में खेले जाने वाले इस टी20 मुकाबले में टॉस की भूमिका काफी अहम रहने वाली है। इस मैदान पर खेले गए अब तक 13 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 9 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने मुकाबले को अपने नाम किया है तो वहीं सिर्फ 4 मैचों में टारगेट का पीछा करने वाली टीम जीतने में कामयाब हो सकी है। भारतीय टीम ने साउथैम्प्टन के मैदान पर अब तक सिर्फ एक टी20 मुकाबला खेला है जो साल 2022 के दौरे पर हुआ था। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 198 रनों का स्कोर बनाया था, जिसका पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 148 रन बनाकर सिमट गई थी और टीम इंडिया ने ये मुकाबला 50 रनों से अपने नाम किया था।

कप्तान अय्यर के लिए अहम मुकाबला

टी20 इंटरनेशनल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एक बारिश के चलते रद्द होने के अलावा 5 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में अब तक उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने जहां एक भी मुकाबला नहीं जीता है तो वहीं 2 सीरीज भी गंवा चुकी है। अब इंग्लैंड के खिलाफ यदि टीम इंडिया टी20 सीरीज का आखिरी मैच जीतने में कामयाब नहीं होती है तो उस स्थिति में श्रेयस अय्यर को काफी अधिक आलोचना का भी सामना करना पड़ेगा, जिसमें टीम इंडिया आईसीसी रैंकिंग में नंबर-1 की पोजीशन को गंवा देगी।

ये भी पढ़ें

जोस बटलर के पास धोनी से आगे निकलने का मौका, रोहित शर्मा को भी इस मामले में छोड़ेंगे पीछे

नेपाल दौरे पर जाएगी टीम इंडिया, तीन मैचों की टी20 सीरीज का शेड्यूल आया सामने

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल