1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG, 5th Test: पहले दिन इंग्लैंड पर भारी पड़े ऋषभ पंत, भारत का स्कोर 338/7, जडेजा 83 रन पर नाबाद

IND vs ENG, 5th Test: पहले दिन इंग्लैंड पर भारी पड़े ऋषभ पंत, भारत का स्कोर 338/7, जडेजा 83 रन पर नाबाद

 Written By: Rajeev Rai @Rajeev_Bharat
 Published : Jul 02, 2022 12:06 am IST,  Updated : Jul 02, 2022 06:39 am IST

भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टेस्ट मैच की शुरुआत हो चुकी है। भारत ने पहले दिन 338/7 का स्कोर बनाया।

IND vs ENG, 5th Test, india vs england, ind vs eng- India TV Hindi
IND vs ENG, 5th Test Image Source : GETTY

भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टेस्ट मैच की शुरुआत हो चुकी है। एडबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करनी शुरू की। लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 98 के स्कोर पर अपने पांच प्रमुख विकेट गंवा दिए। हालांकि ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा ने मिलकर ना सिर्फ टीम को उबारा बल्कि उसे मजबूत स्थिति में भी ले गए। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 222 रनों की साझेदारी की और टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया। दिन का खेल खत्म होने पर भारत से सात विकेट गंवाकर 338 रन बना लिए थे। रवींद्र जडेजा 163 गेंदों में 83 रन बनाकर नाबाद हैं तो वहीं दूसरे छोर पर मोहम्मद शमी उनका साथ दे रहे हैं।

इससे पहले भारत की तरफ से शुभमन गिल और चेतेश्वर पुजारा ने पारी की शुरुआत की। दोनों खिलाड़ियों ने शुरू में संभलकर खेलने की कोशिश की लेकिन इसके बाद 46 के स्कोर पर दोनो आउट होकर पवेलियन लौट गए। पुजारा 13 तो गिल 17 रन बनाकर एंडरसन के हाथों आउट हुए। हनुमा विहारी को जीवनदान मिला लेकिन वह भी 20 रन बनाकर चलते बने। विराट कोहली औऱ श्रेयस अय्यर भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। कोहली 11 और श्रेयस 15 रन बनाकर पॉट्स का शिकार हुए। 

एक समय भारत की आधी टीम 98 के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी और मुश्किल में नजर आ रही थी, लेकिन इसके बाद पंत और जडेजा ने मिलकर पारी को संभाला और एक मजबूत साझेदारी भी की। पंत ने 146 रन की पारी खेली और टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल