भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला टेस्ट मैच अब करीब आ रहा है। भारत और इंग्लैंड के बीच साल 2021 में टेस्ट सीरीज खेली जा रही थी। सीरीज के चार मैच हो चुके थे और पांचवां मैच खेला जाना था, लेकिन इस बीच कोरोना वायरस के कारण टीम इंडिया ने इस मैच को खेलने से मना कर दिया और मैच स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद बीसीसीआई और ईसीबी ने मिलकर तय किया कि ये स्थगित किया गया मैच अब एक से पांच जुलाई तक खेला जाएगा। मैच शुरू होने में कुछ दिन का वक्त बचा रह गया है, ऐसे में अब फिर से इस मैच की बातें शुरू हो गई हैं। इस बीच काफी कुछ बदलाव देखा गया है। टीम इंडिया और इंग्लैंड के कप्तान भी तब से लेकर अब तक बदल गए हैं। पहले जो सीरीज खेली जा रही थी, उसमें विराट कोहली भारत के कप्तान थे, लेकिन अब रोहित शर्मा के हाथों में कमान है। वहीं, इंग्लैंड के कप्तान जो रूट थे, जो अब बेन स्टोक्स हो गए हैं। चलिए जानते हैं कि इस मैच में भारत और इंग्लैंड के वो पांच कौन से खिलाड़ी होंगे, जिन पर सभी की नजर रहने वाली है।
रोहित शर्मा सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज में इससे पहले जो चार मैच खेले गए थे, उसमें रोहित शर्मा भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने थे। चार टेस्ट मैचों में रोहित शर्मा ने 368 रन बनाए थे और उनका औसत 52.27 का है। रोहित शर्मा ने इस दौरान एक शतक और दो अर्धशतक जमाए थे। इस सीरीज में रोहित शर्मा का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 127 रन था। रोहित शर्मा हाल ही में टीम इंडिया के कप्तान बने हैं और उनका विदेश में बतौर कप्तान ये पहला टेस्ट मैच होने जा रहा है। रोहित शर्मा की कोशिश होगी कि सीरीज को जीतकर वे अपनी कप्तानी की बेहतरीन शुरुआत करें।
जो रूट के सामने होगी भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा
सीरीज जब पहले चल रही थी, तब जो रूट इंग्लैंड के कप्तान थे। लेकिन एशेज में बुरी तरह हार के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी, अब बेन स्टोक्स कप्तान हैं, लेकिन जो रूट पिछले कुछ साल से जिस तरह की बल्लेबाजी कर रहे हैं, वो टीम इंडिया के लिए किसी खतरे की घंटी से कम नहीं है। साल 2021 से लेकर अब तक जो रूट ने 22 टेस्ट मैच खेलकर उसकी 42 पारियों में दस शतक और चार अर्धशतक लगाए हैं। इस दौरान उन्होंने कुल 2355 रन अपने खाते में जोड़े हैं। पिछले दो साल में टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो दुनिया का कोई भी बल्लेबाज उनके करीब तक नहीं है। जो रूट जिस तरह की बल्लेबाजी कर रहे हैं, उससे तय है कि भारतीय गेंदबाजों की उनके सामने बड़ी परीक्षा होने जा रही है।
जेम्स एंडरसन बन सकत हैं टीम इंडिया के लिए खतरा
टीम इंडिया के लिए एक और खतरा इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन हो सकते हैं। एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने कई बार भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली के विकेट अपने नाम किए हैं। ऐसे में ये तो पक्का है कि वे इस बार भी बख्शने के मूड में तो नहीं होंगे, लेकिन देखना ये दिलचस्प होगा कि भारतीय बल्लेबाज उन्हें कैसे खेलते हैं। इंग्लैंड की गेंदबाजी काफी हद तक जेम्स एंडरसन के आसपास ही घूमती हुई नजर आएगी।
जसप्रीत बुमराह की पर टिकी होंगी सभी नजरें
जो काम इंग्लैंड की ओर से उनके तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन करेंगे, वही जिम्मेदारी टीम इंडिया की ओर से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की होने वाली है। जसप्रीत बुमराह को हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई सीरीज से आराम दिया गया था। अब वे नए सिरे से मैच में उतरने के लिए तैयार हैं। ऐसे में भारतीय टीम की जीत का दारोमदार काफी हद तक जसप्रीत बुमराह पर ही होने वाला है। सीरीज के जो चार मैच खेले गए हैं, उसमें जसप्रीत बुमराह सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। सबसे ज्यादा विकेट इंग्लैंड के ओली रॉबिंसन ने लिए हैं, जिनके नाम 21 विकेट हैं, वहीं जसप्रीत बुमराह के नाम 18 विकेट हैं। टीम इंडिया चाहेगी कि इस मैच में भी जसप्रीत बुमराह घातक गेंदबाजी कर मैच को टीम इंडिया के पक्ष में मोड़ दें।
विराट कोहली से 28वें टेस्ट शतक की उम्मीद
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली पर भी इस टेस्ट मैच में सभी की नजरें होने वाली हैं। विराट कोहली अपने फार्म को लेकर इस वक्त कई सवालों का सामना कर रहे हैं। साल 2019 के बाद से अभी तक उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं आया है। यहां तक कि वे आईपीएल 2022 में भी कोई बहुत बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। ऐसे में क्या इस टेस्ट मैच से पूर्व कप्तान विराट कोहली वापसी करेंगे, ये अपने आप में बड़ा सवाल है। विराट कोहली अब तक टेस्ट मैच में 27 शतक लगा चुके हैं। भारतीय फैंस को उम्मीद है कि इस बार वे अपना 28 शतक पूरा करें और फार्म में वापसी के भी संकेत दें। विराट कोहली का बल्ला अगर चला तो वे बड़ी पारी खेलकर मैच को टीम इंडिया के पक्ष में मोड़ने में कोई भी कोताही नहीं बरतेंगे।
संपादक की पसंद