Monday, March 09, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ 2nd ODI: टीम इंडिया के लिए 'करो या मरो' की जंग, सीरीज जीतने पर होगी कीवी टीम की नजर

IND vs NZ 2nd ODI: टीम इंडिया के लिए 'करो या मरो' की जंग, सीरीज जीतने पर होगी कीवी टीम की नजर

Written By: Priyam Sinha @PriyamSinha4 Published : Nov 26, 2022 02:25 pm IST, Updated : Nov 26, 2022 02:25 pm IST

IND vs NZ 2nd ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा।

भारत बनाम न्यूजीलैंड...- India TV Hindi
Image Source : GETTY IMAGES भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरा वनडे, हैमिल्टन

IND vs NZ 2nd ODI: भारतीय टीम रविवार को हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेलने उतरेगी। पहला मैच 7 विकेट से गंवाने के बाद टीम इंडिया के लिए यह ‘करो या मरो’ की जंग होगी। इस बार टीम को उम्मीद होगी फिर से कप्तान शिखर धवन और युवा शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी से। पहले मुकाबले में 124 रनों की पार्टनरशिप करने के बाद देखना होगा सेडन पार्क के तीनों ओर से खुले मैदान पर यह जोड़ी क्या करती है।

हैमिल्टन का यह मैदान न्यूजीलैंड में बल्लेबाजों के लिए सबसे मददगार मैदानों में से एक है। यहां का ग्राउंड डाइमेंशन और पिच दोनों ही बल्लेबाजों के मददगार रहती है। ईडन पार्क जैसे छोटे मैदान पर भारत का पहले खेलते हुए सात विकेट पर 306 रन का स्कोर करीब 40 रन कम रह गया था। गेंदबाजों ने महज 47 ओवर में ही ये रन गंवा दिए और कीवी टीम के सिर्फ तीन विकेट ही गिरे। जिससे जिम्मेदारी फिर मेन बल्लेबाजों पर ही आ जाती है क्योंकि अगर वाशिंगटन सुंदर ने शानदार योगदान नहीं दिया होता तो भारत 300 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाता। यह काफी हद तक पहले पॉवरप्ले में धवन और गिल की बेहद धीमी बल्लेबाजी से ही हुआ। 

यहां पर मैदान के मुताबिक रन नहीं बने थे। भारतीय टीम लगातार शुरुआती ओवरों में अटैक करने के मामले में पिछड़ रही है। वो चाहें टी20 हो या वनडे दोनों फॉर्मेट में ऐसा ही दिखा है। ऑकलैंड में टीम पहले पावरप्ले के 10 ओवरों में कम से कम 40 रन से पिछड़ी। एक और आंकड़े से भारतीय शीर्ष क्रम बल्लेबाजों के सीमित ओवर के प्रारूप में रवैये का पता चलता है (इसमें सिर्फ रोहित शर्मा, केएल राहुल या विराट कोहली ही शामिल नहीं हैं)। धवन और गिल ने शुरुआती ओवरों में काफी डॉट बॉल खेलीं।

नहीं बदल रहा यह रवैया...

धवन ने 77 गेंद में 72 रन बनाए जिसमें 13 चौके जड़े थे। जिससे उन्होंने 13 गेंदों में चौकों से 52 रन जोड़े। जबकि बचे हुए 20 रन के लिए उन्होंने 64 गेंद खेली और इसमें से 44 ‘डॉट’ गेंद रहीं क्योंकि वह पावरप्ले में रन नहीं बना पा रहे थे। जहां कप्तान एक ओर जूझ रहे थे, वहीं गिल ने एक और अर्धशतक जड़कर अपने कुल औसत को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया लेकिन उनकी पारी की रफ्तार भी बहस का विषय है। उन्होंने 65 गेंद में 50 रन बनाए जिसमें तीन छक्के और एक चौका जड़ा था। मतलब चार गेंद में 22 रन बने। उन्होंने बाकी के 28 रन 61 गेंद खेलकर बनाए। पारी की नींव तैयार करने और तेजी से रन जुटाने का काम अंत की ओर छोड़ने के इसी रवैये से भारत ने टी20 विश्व कप गंवा दिया लेकिन हैरानी की बात है कि इस सीरीज में भी बदलाव की बजाय रवैया पुराना ही है।

आपको बता दें कि आजकल भारतीय टीम में काफी कम्पटीशन है। पारी का आगाज करने के लिए ही इतने सारे खिलाड़ी मशक्कत कर रहे हैं तो यह निहायत ही जरूरी है कि, खिलाड़ी तेजी से रन बनाएं ताकि 50 ओवर के विश्व कप से तीन या चार महीने पहले नया अंदाज देखने को मिले। धवन निश्चित रूप से अगले महीने बांग्लादेश में रोहित के साथ पारी का आगाज करेंगे और कोई गारंटी नहीं है कि शुभमन अंतिम 11 में अपना स्थान बरकरार रख पाएंगे। क्योंकि रोहित सलामी बल्लेबाज के तौर पर वापसी करेंगे। केएल राहुल मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव (अगली श्रृंखला के लिए आराम दिए जाने पर) का स्थान ले सकते हैं। 

ऋषभ पंत
Image Source : APऋषभ पंत

ऋषभ पंत पर लटकी तलवार!

टी20 इंटरनेशनल की तुलना में वनडे में ऋषभ पंत का स्ट्राइक रेट और औसत काफी बेहतर है लेकिन इस सीरीज के उपकप्तान पंत को और अधिक निरंतर रहने की जरूरत है। लगातार उनका बल्ला खामोश है और विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर संजू सैमसन व ईशान किशन से उन्हें कांटे की टक्कर भी मिल रही है। ईडेन पार्क की पिच पर भारतीय तेज गेंदबाजों ने काफी कम गेंदबाजी की है। उन्हें टॉम लैथम और केन विलियमसन से मुकाबला करने के लिए तरीका ढूंढने की जरूरत है। ये दोनों खिलाड़ी इस फॉर्मेट में भारत के खिलाफ काफी निरंतर रहे हैं। 

गेंदबाजी पर देना होगा ध्यान, टॉस भी होगा अहम

उमरान मलिक 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने में प्रभावी रहे, अर्शदीप सिंह स्विंग हासिल करने की काबिलियत के बावजूद जूझते दिखे। शार्दुल ठाकुर भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। टॉस भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा क्योंकि सेडन पार्क पर शाम होते-होते बल्लेबाजी करना आसान हो जाता है। अगर भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करती है तो उनके लिए अच्छा होगा क्योंकि स्पिनरों को शाम में ओस की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। देखना होगा कि युजवेंद्र चहल की जगह कुलदीप यादव को आजमाया जाता है या नहीं। साथ ही छठे गेंदबाजी विकल्प पर भी नजरें होंगी।

उमरान मलिक
Image Source : PTIउमरान मलिक

दोनों टीमों के स्क्वॉड

भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, शाहबाज अहमद, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, दीपक चाहर, अर्शदीप सिंह, शार्दुल ठाकुर और उमरान मलिक। 

न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्तान), फिन एलन, डेवोन कॉनवे, टॉम लैथम, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, टिम साउदी, मैट हेनरी, एडम मिल्ने, जिमी नीशम, मिचेल सैंटनर और लॉकी फर्ग्यूसन।

यह भी पढ़ें:-

IND vs NZ: हैमिल्टन में कहीं धुल ना जाएं टीम इंडिया के अरमान, दूसरे वनडे पर बारिश का खतरा

Video: टीम इंडिया पहुंची हैमिल्टन; अर्शदीप सिंह ने किया भांगड़ा, संजू सैमसन ने दिया ये रिएक्शन

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement