1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK: बाबर आजम का बड़ा कारनामा, सिर्फ 9 रन से छू लिया खास मुकाम

IND vs PAK: बाबर आजम का बड़ा कारनामा, सिर्फ 9 रन से छू लिया खास मुकाम

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Feb 23, 2025 03:34 pm IST,  Updated : Feb 23, 2025 11:57 pm IST

IND vs PAK: ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बाबर आजम भारत के खिलाफ मैच में फ्लॉप साबित हुए। बाबर सिर्फ 23 रन बना सके। हार्दिक पांड्या ने बाबर का शिकार किया।

IND vs PAK- India TV Hindi
बाबर आजम Image Source : AP

IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई के मैदान पर घमासान हो रहा है। ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पाकिस्तान की टीम में एक बदलाव है। फखर जमान की जगह इमाम-उल हक को मौका दिया गया है। इमाम-उल हक 16 महीने बाद पाकिस्तान के लिए कोई वनडे मैच खेल रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से अपना आखिरी वनडे मुकाबला अक्टूबर 2023 में खेला था, जो भारतीय सरजमीं पर खेला गया ICC वर्ल्ड कप 2023 का मैच था। दूसरी तरफ भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं है।

पाकिस्तान के लिए पूर्व कप्तान बाबर आजम और इमाम उल हक ने पारी का आगाज किया। पहले ही ओवर में मोहम्मद शमी लाइन और लैंथ से भटके नजर आए। उन्होंने पहले ओवर में 5 वाइड फेंकते हुए कुल 6 रन लुटा दिए। इसके बाद हर्षित राणा ने अपने पहले ओवर में एक वाइड समेत 4 रन खर्च किए। शमी ने अपने दूसरे ओवर में कमाल की वापसी की ओर सिर्फ 4 रन दिए। हर्षित राणा का दूसरा ओवर महंगा साबित हुआ। इस ओवर में बाबर आजम ने शानदार 2 चौके लगाए और 8 रन अपने खाते में कर लिए। इसके साथ ही बाबर आजम ने एक बड़ा कारनामा अपने नाम किया। 

बाबर आजम ने रचा कीर्तिमान

दरअसल, बाबर ने 2 चौके जड़ते ही अपना निजी स्कोर 10 रन कर लिया और इस तरह उन्होंने ICC वनडे टूर्नामेंट में 1000 रन पूरे कर लिए। इस मैच से पहले बाबर को 1000 रन का आंकड़ा छूने के लिए सिर्फ 9 रनों की दरकार थी। इस मैच में दूसरा चौका लगाने के साथ ही उन्होंने ये बड़ा कारनामा कर दिखाया। बाबर आजम ने ICC वनडे वर्ल्ड कप में 794 रन बनाए हैं। वहीं, चैंपियंस ट्रॉफी में उनके नाम अब 220 रन हो गए हैं। ICC वनडे टूर्नामेंट में बड़ा मुकाम हासिल करने के बाद बाबर कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हार्दिक पांड्या ने बाबर को पवेलियन का रास्ता दिखाया और भारत को 9वें ओवर में पहली सफलता दिलाई। 

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK: टॉस हारते ही बन गया शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड, आंकड़े देख उड़ जाएंगे भारतीय फैंस के होश

सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने से चूके विराट कोहली, अब अगले मैच में मिलेगा सुनहरा मौका

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल