1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पाकिस्तान का सपना तोड़ भारत ने सेमीफाइनल में मारी एंट्री, अब किससे भिड़ेगी टीम इंडिया? जानें पूरा शेड्यूल

पाकिस्तान का सपना तोड़ भारत ने सेमीफाइनल में मारी एंट्री, अब किससे भिड़ेगी टीम इंडिया? जानें पूरा शेड्यूल

 Written By: Vanson Soral
 Published : Feb 01, 2026 08:05 pm IST,  Updated : Feb 01, 2026 08:55 pm IST

IND vs PAK: भारतीय टीम ने U19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।

IND vs PAK, U19 World Cup 2026- India TV Hindi
भारत बनाम पाकिस्तान Image Source : @ZIMCRICKETV

IND vs PAK: ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का सफर सुपर सिक्स स्टेज में ही खत्म हो गया है, जबकि टीम इंडिया ने शानदार तरीके से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। सुपर सिक्स राउंड के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम 252 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी, जिसके बाद पाकिस्तान के सामने सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बेहद मुश्किल चुनौती खड़ी हो गई।

पाकिस्तानी टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 253 रनों के लक्ष्य को महज 33.3 ओवर में हासिल करना जरूरी था, ताकि उसका नेट रन रेट भारत से बेहतर हो सके। हालांकि, दबाव भरे इस मुकाबले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी उस स्तर तक नहीं पहुंच सकी और टीम तय समय के भीतर लक्ष्य हासिल करने में नाकाम रही। 

भारत ने पाकिस्तान किया बाहर

इस मुकाबले से पहले सुपर सिक्स ग्रुप-2 की स्थिति भी पूरी तरह साफ थी। इंग्लैंड 8 पॉइंट के साथ पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुका था, जबकि दूसरे स्थान के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी टक्कर थी। भारत के खाते में 6 पॉइंट थे, वहीं पाकिस्तान 4 पॉइंट के साथ तीसरे नंबर पर बना हुआ था। इसके अलावा नेट रन रेट में भी दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर था, जिसने पाकिस्तान की राह और कठिन बना दी।

भारत ने हालांकि ज्यादा बड़ा स्कोर नहीं बनाया, लेकिन रन रेट का समीकरण पूरी तरह उसके पक्ष में रहा। पाकिस्तान का लक्ष्य सिर्फ जीत दर्ज करना नहीं था, बल्कि तेज गति से रन बनाना भी जरूरी था, जो वह कर नहीं सका। नतीजतन पाकिस्तान का सेमीफाइनल खेलने का सपना टूट गया और भारत ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हुए अंतिम-4  में प्रवेश कर लिया। अब सेमीफाइनल में टीम इंडिया की नजरें खिताब मुकाबले में जगह बनाने पर होगी। 

सेमीफाइनल की चारों टीमें तय

भारत के साथ ही सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमें तय हो गई हैं। सुपर सिक्स के ग्रुप-1 से ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं, सुपर सिक्स के ग्रुप-2 से पहले इंग्लैंड और अब टीम इंडिया को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया है।

U19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का शेड्यूल 

पाकिस्तान को हराने के साथ ही इंडिया ने सुपर सिक्स के ग्रुप-2 में टॉप पर जगह बना ली है। ऐसे में टीम इंडिया की सेमीफाइनल में 4 फरवरी को अफगानिस्तान से भिड़ंत होगी। वहीं, ग्रुप-1 की टेबल टॉपर ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला 3 फरवरी को इंग्लैंड से होगा। 

पहला सेमीफाइनल

  • 3 फरवरी 2026: ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड (बुलावायो)

दूसरा सेमीफाइनल

  • 4 फरवरी 2026: अफगानिस्तान बनाम भारत (हरारे)

यह भी पढ़ें

ईशान किशन का वर्ल्ड कप से पहले सामने आया बड़ा बयान, बताया किस चीज पर है अब सबसे ज्यादा ध्यान

पाकिस्तानी गेंदबाज बॉल फेंक रहा है कि थ्रो? ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी का एक्शन को लेकर फूटा गुस्सा; देखें VIDEO

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल