1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA: कोलकाता की पिच पर कौन से दिन से मिलेगा टर्न, पिच क्यूरेटर ने किया बड़ा खुलासा

IND vs SA: कोलकाता की पिच पर कौन से दिन से मिलेगा टर्न, पिच क्यूरेटर ने किया बड़ा खुलासा

 Published : Nov 11, 2025 12:16 am IST,  Updated : Nov 11, 2025 12:16 am IST

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता के मैदान पर खेला जाएगा। अब इससे पहले ही पिच को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है।

Eden Gardens- India TV Hindi
ईडन गार्डन्स Image Source : TWITTER

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 14 नवंबर से कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इससे पहले ही बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के चीफ सौरव गांगुली ने बताया है कि टीम ने पहले टेस्ट के लिए स्पिनरों की मददगार पिच की मांग नहीं की है। गांगुली ने भी शाम को पिच का निरीक्षण किया, जिसके बाद ओस या बारिश से बचाने के लिए पूरे मैदान को ढक दिया गया। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक के साथ पिच का निरीक्षण किया।

सौरव गांगुली ने कही ये बात

सौरव गांगुली से जब पूछा गया कि क्या भारतीय टीम मैनेजमेंट ने स्पिनरों की मददगार पिच की मांग की है तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक इसके लिए नहीं कहा है। इसलिए, मैं इस सवाल का जवाब नहीं दे पाऊंगा। यह बहुत अच्छी पिच लग रही है। ईडन गार्डन्स ने इस सीजन में अब तक दो रणजी ट्रॉफी मैचों की मेजबानी की है और पिचें धीमी रही हैं और तेज गेंदबाजों को बहुत कम मदद मिल रही है। 

तीसरे दिन से मिल सकती है पिच से टर्न

बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के क्यूरेटर सुजन मुखर्जी ने पिच पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गंभीर भी पिच देखकर संतुष्ट थे। मुखर्जी के अनुसार भारत के मुख्य कोच ने पूछा था कि पिच से स्पिनरों को मदद कब मिलनी शुरू होगी और उन्होंने जवाब दिया कि ‘तीसरे दिन से’ टर्न मिलने की उम्मीद की जा सकती है। इस पिच पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों, दोनों को मदद मिलेगी। स्पिनरों को भी मदद मिलेगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम में बायें हाथ के स्पिनर केशव महाराज के साथ ऑफ स्पिनर सिमोन हार्मर और बायें हाथ के स्पिनर सेनुरान मुथुसामी है। इन गेंदबाजों ने हाल ही में पाकिस्तान दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया था।

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में स्पिनरों की मदद पिच में मिली शिकस्त के बाद पूरी तरह से स्पिनरों की मददगार पिच पर खेलने से बचना चाहेगी। सीएबी मैच की पूर्व संध्या पर डालमिया स्मृति व्याख्यान का भी आयोजन करेगा, जिसमें महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने मुख्य वक्ता के रूप में अपनी भागीदारी की पुष्टि की है।

(Input: PTI)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल