IND vs SA 2nd T20I Match: भारतीय महिला टीम अभी आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपनी तैयारियों को परखने के लिए साउथ अफ्रीका के दौरे पर है, जहां वह 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का दूसरा मुकाबला किंग्समीड डरबन के स्टेडियम में खेला गया, जिसे मेजबान अफ्रीकी टीम 8 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही।इस मैच में साउथ अफ्रीकी महिला टीम की कप्तान लौरा वोल्वाडर्ट ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 147 रनों का स्कोर बनाया है। एक समय टीम इंडिया इस मैच में बड़े स्कोर की तरफ जाते हुए दिख रही थी, लेकिन अचानक जल्दी-जल्दी विकेट गंवाने से वह 150 रनों का आंकड़ा भी पूरा करने में कामयाब नहीं हो सकी। टीम इंडिया की तरफ से बल्लेबाजी में शैफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 57 रनों की पारी खेली, तो वहीं अनुष्का शर्मा के बल्ले से 28 रन देखने को मिली। साउथ अफ्रीका की तरफ से गेंदबाजी में तुमी सेखुखुने और क्लोए ट्रेयोन ने सबसे ज्यादा 3-3 विकेट हासिल किए।
साउथ अफ्रीकी महिला टीम को टारगेट का पीछा करते हुए कप्तान लौरा वोल्वाडर्ट और सुने लुस की ओपनिंग जोड़ी ने शानदार शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी करने के साथ मुकाबले को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया। वोल्वाडर्ट इस मैच में 54 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटी तो वहीं सुने लुस के बल्ले से 57 रनों की पारी देखने को मिली। अफ्रीकी महिला टीम ने टारगेट को 17.1 ओवर्स में हासिल कर लिया। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में श्रेयंका पाटिल ही सिर्फ 2 विकेट लेने में कामयाब हो सकी।
यहां देखें इस टी20 सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारतीय महिला टीम - शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), काश्वी गौतम, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणी, अनुष्का शर्मा, उमा छेत्री, भारती फुलमाली, क्रांति गौड़।
साउथ अफ्रीका महिला टीम - लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), सुने लुस, ताजमिन ब्रिट्स, एनेरी डर्कसेन, एनेके बॉश, क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लर्क, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), अयाबोंगा खाका, तुमी सेखुखुने, नॉनकुलुलेको म्लाबा, अयांडा ह्लुबी, कायला रेनेके, टेबोगो माचेके, एलिज-मारी मार्क्स।