भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा जब भी मैदान पर उतरते हैं, उनके निशाने पर कोई न कोई रिकॉर्ड जरूर होता है। रोहित अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। इस सीरीज के पहले मैच में रोहित शर्मा के पास एक खास उपलब्धि को अपने नाम करने का मौका होगा। रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में 20 हजार रन पूरे करने से सिर्फ 98 रन दूर हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक सिर्फ 13 खिलाड़ी ही इस उपलब्धि को अपने नाम कर पाए हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित का प्रदर्शन
रोहित शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अभी तक तीनों फॉर्मेट को मिलाकर 502 मैचों में 19902 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 50 शतक और 109 अर्धशतक आए हैं। 98 रन बनाते ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट में 20000 रन बनाने वाले भारत के चौथे और दुनिया के 14वें क्रिकेटर बन जाएंगे। भारत के लिए यह कारनामा अभी तक सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ ने ही हासिल किया है। अब दिग्गजों की लिस्ट में रोहित शर्मा का नाम भी जुड़ जाएगा।
इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- सचिन तेंदुलकर - 664 मैच - 34357 रन
- विराट कोहली - 553 मैच - 27673 रन
- राहुल द्रविड़ - 509 मैच - 24208 रन
- रोहित शर्मा - 502 मैच - 19902 रन
ऑस्ट्रेलिया सीरीज में रोहित के बल्ले से आया था शतक
फरवरी 2025 के बाद टीम इंडिया पहली बार अपने घर पर वनडे सीरीज खेलेगी। ऐसे में इस सीरीज के दौरान सभी की नजरें रोहित-विराट जैसे दिग्गज खिलाड़ियों पर होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। उस सीरीज के तीन मैचों में रोहित ने 101 की औसत से 202 रन बनाए थे। सीरीज के आखिरी मैच में उन्होंने नाबाद 121 रन की पारी खेली थी। रोहित साउथ अफ्रीका सीरीज में भी उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेंगे।
शुभमन और श्रेयस वनडे सीरीज से हैं बाहर
बीसीसीआई ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए हाल ही में 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। शुभमन गिल गर्दन की चोट से रिकवरी कर रहे हैं। ऐसे में वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। वहीं श्रेयस अय्यर भी अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हो पाए हैं। ऐसे में उन दोनों प्लेयर्स की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को इस वनडे सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया है। अब उनकी कप्तानी में टीम इंडिया कैसा प्रदर्शन करती है ये देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़ें
IND vs SA: रांची की पिच पर बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा जलवा, टॉस की भूमिका रहेगी अहम
रोहित शर्मा के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का मौका, पहले वनडे में करना होगा बस छोटा सा काम