1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND-A vs SL-A: टीम इंडिया का शानदार आगाज, पहले मैच में श्रीलंका ए को 8 रनों से हराया

IND-A vs SL-A: टीम इंडिया का शानदार आगाज, पहले मैच में श्रीलंका ए को 8 रनों से हराया

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 09, 2026 09:22 am IST,  Updated : Jun 09, 2026 07:10 pm IST

India A vs Sri Lanka: इंडिया-ए और श्रीलंका-ए ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में आमने-सामने हुई। इस मैच में टीम इंडिया के लिए रुतुराज गायकवाड़ ने सेंचुरी लगाई।

Vaibhav Sooryavanshi - India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी और तिलक वर्मा Image Source : PTI/AP

India A vs Sri Lanka A 1st Match: ट्राई के अपने पहले ही मुकाबले में इंडिया ए ने श्रीलंका को 8 रनों से शिकस्त देकर रोमांचक जीत दर्ज की। इस मैच में पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 6 विकेट खोकर 277 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसमें सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी का सबसे बड़ा योगदान रहा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 48.5 ओवरों में 269 रन बनाकर सिमट गई। मैच के अंतिम क्षणों में अरशद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और मैच का रुख पूरी तरह भारत की तरफ मोड़ दिया। शानदार शतकीय योगदान के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया।

 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का आगाज बेहद खराब रहा। वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह की सलामी जोड़ी 16 रन के भीतर पवेलियन लौट गई। प्रियांश आर्या भी कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने मिलकर पारी को संभाला और टीम का स्कोर 200 रन के पार ले गए। निर्धारित 50 ओवर में भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 277 रनों का स्कोर खड़ा किया। गायकवाड़ ने 114 गेंदों पर 101 रनों की पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के जड़े। तिलक वर्मा ने 60 रनों का योगदान दिया।  

दांबुला में ट्राई सीरीज में इंडिया ए टीम श्रीलंका ए के खिलाफ अपने अभियान का आगाज कर रही है, जहां कई युवा खिलाड़ियों पर खास नजर रहेगी। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा 15 साल के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की हो रही है, जिन्होंने IPL 2026 में अपने बल्ले से तूफान ला दिया था। इस सीरीज में इंडिया ए की कप्तानी युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें भारतीय T20 टीम का उपकप्तान भी बनाया गया और अब यह टूर्नामेंट उनकी कप्तानी की बड़ी परीक्षा माना जा रहा है। 

22 साल तिलक वर्मा के लिए यह सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है। IPL 2026 में उन्होंने कुछ शानदार पारियां जरूर खेलीं, लेकिन लगातार परफॉर्म नहीं कर पाए। श्रीलंका में अच्छा प्रदर्शन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय टीम में उनकी दावेदारी भी मजबूत कर सकता है। हालांकि, इस ट्राई सीरीज का सबसे बड़ा आकर्षण वैभव सूर्यवंशी ही हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए इस युवा बल्लेबाज ने IPL 2026 में 776 रन ठोक डाले थे। उनका स्ट्राइक रेट 230 से ज्यादा का रहा और उन्होंने कई रिकॉर्ड तोड़कर पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा।

भारत ए (प्लेइंग इलेवन): वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बडोनी, अनुकूल रॉय, सूर्यांश शेडगे, अंशुल कंबोज, अरशद खान, विप्रज निगम।

श्रीलंका ए (प्लेइंग इलेवन): निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, रविन्दु फर्नांडो, वानुजा सहान, विजयकांत वियास्कांत, मोहम्मद शिराज, गरुका संकेत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल