1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK मैच से पहले स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का बड़ा बयान, कहा- हम पाकिस्तान से हमेशा एक कदम आगे रहते हैं

IND vs PAK मैच से पहले स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा का बड़ा बयान, कहा- हम पाकिस्तान से हमेशा एक कदम आगे रहते हैं

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 04, 2026 07:30 pm IST,  Updated : Sep 04, 2026 07:30 pm IST

वुमेंस एशिया कप 2026 में 5 सितंबर को भारत बनाम पाकिस्तान मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने बड़ा बयान दिया है।

IND vs PAK Match- India TV Hindi
भारत बनाम पाकिस्तान मैच Image Source : PTI

भारतीय महिला क्रिकेट टीम शनिवार (5 सितंबर) को दुबई में होने वाले एशिया कप के मैच में पाकिस्तान के खिलाफ पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी। टीम के हालिया प्रदर्शन और पिछले रिकॉर्ड को देखें तो भारत का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। इस मैच को लेकर भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि टीम इंडिया हमेशा विरोधी से एक कदम आगे रहती है और अपनी रणनीति पर मजबूती से टिकी रहती है। यही वजह है कि पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का रिकॉर्ड इतना शानदार है।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। वनडे क्रिकेट में भारत आज तक पाकिस्तान से कभी नहीं हारा है, वहीं टी20 मैचों में पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार अक्टूबर 2022 के एशिया कप में हराया था। दोनों टीमों के बीच खेले गए कुल 17 टी20 मैचों में पाकिस्तान केवल 3 बार ही जीत सका है। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जब दोनों टीमें आमने-सामने हुई थीं, तब भारत ने एक आसान जीत दर्ज की थी। उस मैच में भारत की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवरों में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके थे, जिसने मैच का रुख पूरी तरह भारत की तरफ मोड़ दिया था।

इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच को लेकर दीप्ति शर्मा ने क्या कहा?

दीप्ति शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत की हालिया जीत किसी मानसिक बढ़त की वजह से नहीं, बल्कि मैदान पर अपनी रणनीतियों को सही तरीके से लागू करने से मिली है। न्यूज एजेंसी PTI के हवाले से प्री मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीप्ति ने कहा कि देखिए वैसा कोई अलग फायदा या दबाव नहीं है। बस इतनी सी बात है कि हमने उनके खिलाफ जो भी मैच जीते हैं, चाहे वह एशिया कप हो या कोई और मुकाबला, हम हमेशा उनसे एक कदम आगे ही रहे हैं। बस यही मुख्य वजह है।

दीप्ति शर्मा का मानना है कि पूरी भारतीय टीम इस समय शानदार प्रदर्शन कर रही है और बल्लेबाजी व गेंदबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट काफी मजबूत और संतुलित नजर आ रहे हैं। मैच के दिन जिस खिलाड़ी का प्रदर्शन अच्छा रहता है वह टीम को आगे ले जाने की कोशिश करती है और बाकी खिलाड़ी उसका पूरा साथ देते हैं ताकि माहौल सकारात्मक बना रहे। थाईलैंड और हांगकांग को बड़े अंतर से हराने के बाद भारत पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है और अंक तालिका में सबसे ऊपर है। इसी वजह से पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में भारतीय टीम बिना किसी बड़े दबाव के मैदान पर उतरेगी।

हमारा मकसद सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलना है- दीप्ति शर्मा

इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच को लेकर भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर ने कहा देखिए हमारी टीम भी अच्छी है और उनके गेंदबाज भी बढ़िया हैं। हम यह बात जानते हैं। लेकिन हमारा ज्यादा ध्यान अपनी मजबूती और काबिलियत पर है। जैसा कि मैंने पहले भी कहा, हम बस बढ़िया और शानदार क्रिकेट खेलना चाहते हैं और हमारा पूरा ध्यान इसी पर लगा हुआ है। दीप्ति ने आगे कहा कि हमारा मकसद सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलना है। बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी, पूरी टीम को उसी तरह एकजुट होकर खेलना है जैसा कि हमने पिछले दो मैचों में खेला है।

यह भी पढ़ें

WT20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय गेंदबाज, श्री चरनी ने दीप्ति शर्मा को छोड़ा पीछे

BCCI का बड़ा ऐलान, टीम इंडिया पहली बार जापान के खिलाफ खेलेगी T20I मैच

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल