1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK: दीप्ति शर्मा के नाम दर्ज हुआ बड़ा रिकॉर्ड, 5 विकेट हॉल लेकर हनुमान जी को किया याद

IND vs PAK: दीप्ति शर्मा के नाम दर्ज हुआ बड़ा रिकॉर्ड, 5 विकेट हॉल लेकर हनुमान जी को किया याद

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jun 14, 2026 11:38 pm IST,  Updated : Jun 14, 2026 11:38 pm IST

IND vs PAK: भारतीय महिला टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में सामना पाकिस्तानी टीम से था, जिसे वह 64 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही। टीम इंडिया की तरफ से इस मैच में दीप्ति शर्मा ने अपने 4 ओवर्स में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।

दीप्ति शर्मा- India TV Hindi
दीप्ति शर्मा Image Source : AFP

भारतीय महिला टीम का आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मुकाबले में ग्रुप-ए सामना 14 जून को पाकिस्तानी टीम से एजबेस्टन के मैदान पर हुआ। इस मैच में टीम इंडिया का बल्ले और गेंद दोनों से दबदबा देखने को मिला जिसमें वह 64 रनों की बड़ी जीत हासिल करने में कामयाब रहे। भारतीय महिला टीम के लिए पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में जीत की सबसे बड़ी हीरो स्पिन ऑलराउंडर खिलाड़ी दीप्ति शर्मा रहीं जिन्होंने अपने 4 ओवर्स में सिर्फ 10 रन देने के साथ 5 विकेट हासिल किए। दीप्ति को उनके इस मैच विनिंग प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी मिला जहां उन्होंने हनुमान जी को भी याद दिया।

दीप्ति ने तोड़ा रेणुका सिंह का तीन साल पुराना रिकॉर्ड

पाकिस्तानी महिला टीम के खिलाफ दीप्ति शर्मा ने सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट हॉल लेने के साथ अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारतीय महिला टीम के लिए एक मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। दीप्ति ने इस मामले में तीन साल पुराने रेणुका सिंह के रिकॉर्ड को तोड़ा है जिन्होंने साल 2023 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे। वहीं दीप्ति शर्मा ने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के बाद हनुमान जी को भी याद किया जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे इस तरह की पिच पर गेंदबाजी करना काफी पसंद है। इस प्रदर्शन का पूरा श्रेय टीम को जाता है। हनुमान जी महान हैं। मुझे ICC टूर्नामेंट पसंद हैं, क्योंकि मैंने वहीं से शुरुआत की थी। इस पिच पर गेंद काफी अच्छी टर्न हो रही थी इसलिए मैंने अपने हर ओवर में अपनी गति में थोड़ा बदलाव किया।

महिला टी20 वर्ल्ड कप में एक मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाली भारतीय खिलाड़ी

  • दीप्ति शर्मा - 10 रन देकर 5 विकेट (बनाम पाकिस्तान, साल 2026)
  • रेणुका सिंह - 15 रन देकर 5 विकेट (बनाम इंग्लैंड, साल 2023)
  • प्रियंका रॉय - 16 रन देकर 5 विकेट (बनाम पाकिस्तान, साल 2009)
  • डायना डेविड - 12 रन देकर 4 विकेट (बनाम श्रीलंका, साल 2010)
  • पूनम यादव - 19 रन देकर 4 विकेट (बनाम ऑस्ट्रेलिया, साल 2020)

टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में दर्ज की अपनी पांचवीं सबसे बड़ी जीत

महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ जहां रनों के अंतर से अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की तो वहीं ये उनकी टूर्नामेंट के इतिहास में पांचवीं सबसे बड़ी जीत भी बन गई है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को मिली श्रीलंका के खिलाफ जीत है जिसे उन्होंने 82 रनों से अपने नाम किया था। इस मैच में बड़ी जीत हासिल करने के साथ भारतीय महिला टीम ने अंकतालिका में भी अपना खाता खोल लिया है, जिसमें वह ग्रुप-ए में 2 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं जिसमें उनका नेट रनरेट 3.200 का है। वहीं पहले नंबर पर काबिज ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के भी 2 अंक हैं लेकिन उनका नेट रनरेट 3.250 का है।

भारतीय टीम की महिला टी20 वर्ल्ड कप में रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत

  • 82 रन - बनाम श्रीलंका (साल 2024, दुबई)
  • 79 रन - बनाम बांग्लादेश (साल 2014, सिलहट)
  • 72 रन - बनाम बांग्लादेश (साल 2016, बेंगलुरु)
  • 71 रन - बनाम श्रीलंका (साल 2010, बस्सेटेरे)
  • 64 रन - बनाम पाकिस्तान (साल 2026, बर्मिंघम)

ये भी पढ़ें

दीप्ति शर्मा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में छुआ 350 का आंकड़ा, अब नजरें झूलन गोस्वामी के वर्ल्ड रिकॉर्ड पर

स्मृति और हरमनप्रीत की जोड़ी ने बनाया ऐतिहासिक कीर्तिमान, पाकिस्तान के खिलाफ की सबसे बड़ी पार्टनरशिप

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल