1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जिम्बाब्वे दौरे के बाद से कितनी बदल गई टीम इंडिया? 8 खिलाड़ी हो गए बाहर

जिम्बाब्वे दौरे के बाद से कितनी बदल गई टीम इंडिया? 8 खिलाड़ी हो गए बाहर

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 01, 2026 10:18 pm IST,  Updated : Sep 01, 2026 10:18 pm IST

अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान हो गया है। टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।

Rinku Singh- India TV Hindi
रिंकू सिंह Image Source : AFP

भारतीय टीम 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज में एक्शन में नजर आएगी। इससे पहले टीम इंडिया जुलाई में जिम्बाब्वे की धरती पर T20I सीरीज खेलती नजर आई थी। जिम्बाब्वे दौरे पर युवा और नए चेहरों को मौका देने के बाद टीम इंडिया ने एक बार फिर अपनी रणनीति बदल दी है। अफगानिस्तान के खिलाफ इसी महीने होने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज के लिए सिलेक्टर्स ने मजबूत टीम चुनी है, जिसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। वहीं, जिम्बाब्वे दौरे पर टीम का हिस्सा रहे 8 खिलाड़ियों को इस बार बाहर कर दिया गया है। इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ लगातार हार के बाद भारत ने जिम्बाब्वे दौरे पर कई युवा खिलाड़ियों को आजमाया था। हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए सिलेक्टर्स ने फिर से अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है।

संजू सैमसन की वापसी

इस टीम में सबसे ज्यादा चर्चा संजू सैमसन की वापसी की हो रही है। जिम्बाब्वे दौरे के लिए उन्हें नहीं चुना गया था। उस समय खबरें आई थीं कि उन्हें आराम दिया गया है, लेकिन उनके चयन से बाहर होने पर कई सवाल भी उठे थे। अब सैमसन की वापसी के साथ भारतीय टीम के सामने ओपनिंग को लेकर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

जसप्रीत बुमराह भी मार्च के बाद पहली बार T20I टीम में लौटे हैं। हालांकि, उनका खेलना BCCI की मेडिकल टीम से फिटनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगा। इसके अलावा अक्षर पटेल की भी वापसी हुई है। उन्हें जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था।

8 खिलाड़ियों को किया गया बाहर

अफगानिस्तान सीरीज के लिए संजू सैमसन, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा टीम का हिस्सा बने हैं। वहीं, जिम्बाब्वे दौरे की टीम में शामिल सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह को बाहर कर दिया गया है। रिंकू सिंह का बाहर होना सबसे चौंकाने वाले फैसलों में से एक माना जा रहा है। साल 2024 में भारत की T20 वर्ल्ड कप जीत का हिस्सा रहे रिंकू लगातार टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वहीं, युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव को भी इस बार मौका नहीं मिला है।

अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की T20I टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा।

यह भी पढ़ें:

'पाकिस्तान ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड', पाक टीम से 7 खिलाड़ियों के बाहर होने पर फूटा रमीज राजा का गुस्सा

वैभव सूर्यवंशी का फ्लॉप शो, जैसे ही रंग में आए यश ने कर दिया खेल खत्म

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल