1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG: इस खिलाड़ी ने खुद ही खड़ा कर लिया अपने करियर पर संकट, हर मिले मौके पर हुआ फेल

IND vs ENG: इस खिलाड़ी ने खुद ही खड़ा कर लिया अपने करियर पर संकट, हर मिले मौके पर हुआ फेल

 Published : Aug 01, 2025 04:33 pm IST,  Updated : Aug 01, 2025 04:33 pm IST

भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ जारी आखिरी टेस्ट की पहली पारी में केवल 224 रन ही बना सकी। करुण नायर एक बार फिर बड़ी पारी खेलने से चूक गए।

karun nair- India TV Hindi
करुण नायर Image Source : GETTY

India vs England: भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और आखिरी मैच जारी है। पहली पारी में टीम इंडिया बड़ा स्कोर नहीं बना पाई। इस मैच की पहली पारी में शुरुआत ही खराब रही और इंग्लैंड के गेंदबाजों को स्विंग भी खू​ब मिला, इसका फायदा टीम ने उठाया और छोटे से स्कोर पर ही भारतीय टीम को रोक दिया। जब पहले दिन का खेल खत्म हुआ था, तब करुण नायर नाबाद गए। उस वक्त उम्मीद जताई जा रही थी कि करुण अगले दिन एक ​बड़ी पारी खेलेंगे, लेकिन इस खिलाड़ी ने लगातार मिले मौकों को यूं ही गवां दिया और अब तो करुण के करियर पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं। 

पांच में से चार मैच खेले हैं इस सीरीज में करुण नायर 

करुण नायर ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के पांच मैचों में से चार खेले हैं। इसमें से केवल एक ही बार वे 50 का आंकड़ा पार कर पाए और उनकी ये पारी भी आखिरी मैच की पहली पारी में आई। इससे पहले करीब करीब हर मैच में करुण को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन वे इसे बड़ी पारी में तब्दील करने में कामयाब नहीं हो पाए। कप्तान शुभमन गिल को शायद करुण पर कुछ ज्यादा ही भरोसा था, इसलिए उन्हें बार बार​ मौका दिया गया, लेकिन करुण नायर ने तो जैसे ठान लिया है कि जो भरोसा उन पर दिखाया गया है, उसे वो तोड़कर ही रहेंगे। 

दूसरे दिन केवल पांच ही रन जोड़ पाए करुण

करुण नायर पहले दिन 52 रन पर नाबाद लौटे थे। इसके बाद जब दूसरे दिन का खेल शुरू हुआ, तब उन्होंने पहली ही बॉल पर चौका लगा दिया, इससे लगा के करुण का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। लेकिन वे इस पारी को भी लंबा नहीं कर पाए। करुण की इस पारी का अंत 57 रन पर हुआ। इस दौरान उन्होंने 109 बॉल का सामना किया। उन्होंने आठ चौके लगाने का काम किया। जो टंग की जिस बॉल पर करुण आउट हुए, वो सीधे मिडल स्टंप पर जाकर लग रही थी। अंपायर ने उन्हें आउट भी दे दिया, लेकिन करुण नायर को पता नहीं क्या लगा कि उन्होंने डीआरएस ले लिया। हालांकि कुछ ही देर में पता चला कि करुण नायर साफ आउट हैं, इसमें शक की कोई गुंजाइश नहीं है। 

अब एक पारी और मिलेगी, उसमें बनाने होंगे रन

करुण नायर इस आखिरी मैच की पहली पारी में 50 से अधिक रन बना पाए हैं, इससे पहले तो वे और भी कम रन पर ही आउट होते रहे हैं। अब जब करुण इस मैच की दूसरी पारी में उतरेंगे, तब पता चलेगा कि क्या वे रन बना पाते हैं या फिर ऐसे ही जल्द आउट होते हैं। हालांकि ये देखना दिलचस्प होगा कि बीसीसीआई की सेलेक्शन कमेटी ने करुण नायर की इन पारियों को कैसे देखा। क्या करुण को एक और सीरीज मिलेगी, जिसमें वे अपना कमाल दिखा पाएं, या फिर करुण नायर की कहानी यहीं पर खत्म हो जाएगी। आने वाले वक्त में इन सबसे पर्दा उठ जाएगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल