ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 3 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ 137 रनों से जीत हासिल की। इसके साथ ही भारतीय टीम नॉकआउट के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। इस मैच में हांगकांग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 193 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में हांगकांग ने 56 रनों पर ढेर हो गई। हांगकांग के खिलाफ मिली इस बड़ी जीत में स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का अहम योगदान रहा। उन्होंने शानदार शतक जड़ा और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई।
एशिया कप में भारतीय महिला टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। इस जीत से टीम इंडिया के खाते में 4 पॉइंट हो गए हैं। अब टीम इंडिया अपने तीसरे ग्रुप स्टेज मुकाबले में पाकिस्तान टीम से लोहा लेगी। ये मुकाबला 5 सितंबर यानी शनिवार को खेला जाएगा।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार जीत के साथ की थी। हालांकि, थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में टीम को बल्लेबाजी के दौरान एक समय मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा। सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने सिर्फ 36 गेंदों में 64 रन बनाकर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। पावरप्ले के बाद थाईलैंड की स्पिन गेंदबाजों ने मुकाबले का रुख बदल दिया। सुलेपॉर्न लाओमी की अगुआई में थाई स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजी को झकझोर दिया और टीम ने 46 रन के भीतर आठ विकेट गंवा दिए। इसके बावजूद भारत ने 160 रन का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का बचाव करने उतरी भारतीय गेंदबाजों ने फिर मैच पूरी तरह अपने नाम कर लिया। दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए बिना कोई रन खर्च किए तीन विकेट चटकाए। वहीं, नंदिनी शर्मा और क्रांति गौड़ ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और थाईलैंड की पूरी टीम को महज 65 रन तक सीमित कर दिया। भारत ने मुकाबला 94 रन से अपने नाम किया।
भारत महिला (प्लेइंग इलेवन): स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़।
हांगकांग, चीन महिला (प्लेइंग इलेवन): नताशा माइल्स (कप्तान), मरियम बीबी, मैरिको हिल, जॉयलीन कौर, मरीना लैम्प्लो, यास्मीन दासवानी (विकेटकीपर), शांजीन शहजाद, कैरी चैन, रुचिता वेंकटेश, इकरा सहर, एलिसन सिउ।
यह भी पढ़ें:
IPL 2027 से पहले एमएस धोनी को लेकर आया बड़ा अपडेट, इम्पैक्ट प्लेयर नहीं बनेंगे
वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा एक और मौका, दो मैचों में लगा सके हैं केवल एक हाफ सेंचुरी