1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम की पारी 148 रनों के स्कोर पर सिमटी, आयरलैंड ने 34 रनों से मुकाबला किया अपने नाम

भारतीय टीम की पारी 148 रनों के स्कोर पर सिमटी, आयरलैंड ने 34 रनों से मुकाबला किया अपने नाम

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Jun 26, 2026 05:35 pm IST,  Updated : Jun 26, 2026 10:00 pm IST

भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ खेली जा रही 2 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया को इस मैच मे 183 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन वह 148 के स्कोर पर सिमट गई।

India vs Ireland- India TV Hindi
भारत बनाम आयरलैंड Image Source : AP

भारतीय टीम के यूके दौरे का आगाज बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिला है, जिसमें उन्हें आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। बेलफास्ट के स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 9 विकेट के नुकसान पर 182 रनों का स्कोर बनाया है। मेजबान आयरलैंड को इस स्कोर तक पहुंचाने में उनके कप्तान लॉरकेन टकर और गेरेथ डिनाली ने बल्ले से अहम भूमिका अदा की तो वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में लंबे समय के बाद वापसी कर रहे हर्षित राणा का कमाल देखने को मिला जिन्होंने कुल तीन विकेट हासिल किए। वहीं टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम 148 के स्कोर पर सिमट गई। आयरलैंड को ऐतिहासिक जीत दिलाने में गेंद से हम्फ्रीज और होलार्ड ने गेंद से अहम भूमिका अदा की जिसमें दोनों ने तीन-तीन विकेट हासिल किए।

आयरलैंड टीम की शुरुआत इस मुकाबले में काफी खराब देखने को मिली जिसमें उन्होंने अपने शुरुआती चार विकेट सिर्फ 51 के स्कोर पर ही गंवा दिए थे, जिसके बाद उनके कप्तान लॉरकेन टकर और गेरेथ डिनाली ने पारी को संभालते हुए 5वें विकेट के लिए 64 रनों की अहम साझेदारी करने के साथ टीम को बड़े स्कोर की तरफ लेकर जाने का प्रयास किया। टकर इस मैच में 50 रन बनाकर पवेलियन लौटे तो वहीं डिनाली के बल्ले से 49 रनों की पारी देखने को मिली। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में हर्षित राणा ने जहां तीन विकेट अपने नाम किए तो वहीं अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह 2-2 विकेट लेने में कामयाब रहे जबकि शिवम दुबे ने एक विकेट हासिल किया।

टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत काफी खराब रही जिसमें पहले 6 ओवर्स का खेल खत्म होने तक तीन खिलाड़ी पवेलियन लौट चुके थे। अभिषेक शर्मा एक छोर से पारी को संभाले जरूर थे लेकिन वह भी 50 के निजी स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद आयरलैंड के गेंदबाजों ने भारतीय टीम को मुकाबले में वापसी को कोई मौका नहीं दिया और 148 के स्कोर पर पारी को समेट दिया। आयरलैंड की तरफ से गेंदबाजी में मैथ्यू हम्फ्रीज और मैथ्यू होलार्ड का कमाल देखने को मिला जिसमें दोनों ने 3-3 विकेट हासिल किए।

यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11

भारत - अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा।

आयरलैंड - टिम टेक्टर, रॉस अडायर, हैरी टेक्टर, लोर्कन टकर (विकेटकीपर, कप्तान), बेंजामिन कैलिट्ज़, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियाम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज, जय मूंदरा, मैथ्यू हॉलार्ड।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल