1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs PAK: भारत की प्लेइंग इलेवन में क्या होगा बदलाव? कप्तान सूर्या को लेना है बड़ा फैसला

IND vs PAK: भारत की प्लेइंग इलेवन में क्या होगा बदलाव? कप्तान सूर्या को लेना है बड़ा फैसला

 Published : Sep 12, 2025 06:23 pm IST,  Updated : Sep 12, 2025 06:23 pm IST

IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ 14 सितंबर को होने वाले महामुकाबले में क्या भारत की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव होने की संभावना है। मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।

suryakumar yadav and shubman gill- India TV Hindi
सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल Image Source : AP

India vs Pakistan: एशिया कप 2025 में अब सबसे बड़े मुकाबले की तैयारी हो रही है। वैसे तो 9 सितंबर से रोज कोई ना कोई मैच हो रहा है, लेकिन सभी को इंतजार 14 सितंबर का है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाएगा। ये मैच दुबई के इंटरनेशनल ​स्टेडियम में होगा। अब इसकी घड़ी करीब आ रही है। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहली बार दोनों टीमें आमने सामने होने जा रही हैं। इसलिए मैच को लेकर रोमांच ज्यादा है। इस बीच सवाल ये भी है कि क्या भारत की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव होगा या​ फिर पिछले मैच वाली टीम ही फिर से उतरेगी। 

अर्शदीप सिंह की हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन में वापसी

इस वक्त पूरी क्रिकेट की दुनिया में सबसे ज्यादा चर्चा भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले की हो रही है। हालांकि इसमें अभी दो दिन का वक्त है और कुछ और मैच भी हो रहे हैं, लेकिन उनके बारे में कोई पूछ तक नहीं रहा है। इस बीच अगर भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन की बात की जाए तो इस बात की उम्मीद काफी ज्यादा है कि पहले मैच मिस करने वाले अर्शदीप सिंह की वापसी अगले मैच में होती हुई नजर आए। लेकिन अब सवाल ये है कि फिर बाहर कौन होगा। जसप्रीत बुमराह का खेलना तय है। हार्दिक पांड्या एक आलराउंडर की भूमिका में दिखाई देंगे। कुलदीप यादव ने जिस तरह का प्रदर्शन यूएई के खिलाफ मैच में किया है, उससे नहीं लगता कि वे बाहर होंगे। वरुण चक्रवर्ती के भी बाहर होने की बात अभी तक सामने नहीं आ रही है। 

तिलक वर्मा को बैठना पड़ सकता है बाहर

अगर अर्शदीप सिंह आते हैं तो फिर कप्तान सूर्यकुमार यादव को एक बड़ा और अहम फैसला लेना होगा। वो ये कि उन्हें एक बल्लेबाज को कम करना होगा। इसके लिए सबसे पहले निशाने पर तिलक वर्मा आ सकते हैं। तिलक वर्मा यूएई के खिलफ मैच में प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए थे, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ही नहीं आई। सलामी जोड़ी तो पहले जैसे ही रहेगी, यानी शुभमन गिल के साथ अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करेंगे। इसके बाद तीसरे नंबर पर खुद कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्लेबाजी करने की संभावना है। नंबर चार पर संजू सैमसन बल्लेबाजी कर सकते हैं, इसके हार्दिक पांड्या आ जाएंगे। अगर तिलक नहीं तो फिर शिवम दुबे पर गाज गिर सकती है। हालांकि पिछले ही मैच में दुबे ने गेंदबाजी से काफी अच्छा काम कर दिखाया था। माना जाना चाहिए कि टीम इंडिया बिना अर्शदीप सिंह के तो मैदान में शायद ना ही उतरे। 

अर्शदीप सिंह 100 विकेट पूरे करने से केवल एक कदम दूर

अर्शदीप सिंह के लिए अगला मैच होगा भी काफी अहम। वे अब तक टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए 99 विकेट ले चुके हैं। वे भारत के लिए 100 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन जाएंगे। अगर ये कारनामा वे पाकिस्तान के खिलाफ करें तो फिर तो कहने ही क्या। ऐसे में अभी तक की स्थिति के अनुसार केवल एक ही बदलाव होता हुआ नजर आ रहा है।  लेकिन इस पर मोहर तभी लगेगी, जब खुद कप्तान सूर्यकुमार यादव रविवार शाम साढ़े सात बजे टॉस के लिए मैदान में उतरकर अपनी टीम का ऐलान करेंगे। 

पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती। 

यह भी पढ़ें 

टीम इंडिया से बाहर चल रहे खिलाड़ी ने ठोक दी लाजवाब सेंचुरी, यश ने भी दिखाया जौहर

जो रूट को लेकर पूर्व दिग्गज खिलाड़ी का चौंकाने वाला बयान; कहा- अगर शतक नहीं लगाया तो.....

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल