1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs SA Score: टीम इंडिया साउथ अफ्रीका से 76 रन से हारी, सुपर 8 में बहुत खराब आगाज

IND vs SA Score: टीम इंडिया साउथ अफ्रीका से 76 रन से हारी, सुपर 8 में बहुत खराब आगाज

 Updated : Feb 22, 2026 11:41 pm IST

IND vs SA Score: भारतीय टीम को टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 के पहले ही मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया 76 रनों के बड़े अंतर से हारी है। साउथ अफ्रीका ने 187 रन बनाए थे, लेकिन पूरी टीम इंडिया केवल 111 रन ही बना सकी।

india vs south africa super 8 match live score- India TV Hindi
भारत बनाम साउथ अफ्रीका सुपर 8 मुकाबला लाइव Image Source : AP PTI

IND vs SA Score: टीम इंडिया टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 का पहला मैच हार चुकी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने सात विकेट पर 187 रन बनाए थे। टीम इंडिया को जीत के लिए 188 रन बनाने थे, लेकिन टीम अपने कोटे के पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 18.5 ओवर में 111 रन ही बना सकी। इस तरह से ये 76 रनों की करारी शिकस्त मिली है। टी20 विश्व कप 2026 में भारत की ये पहली हार है। साउ​थ अफ्रीकी टीम भी तक कोई मैच नहीं हारी है, उसकी जीत का सिलसिला जारी है। 

भारत की शुरुआत रही काफी खराब

टीम इंडिया जब साउथ अफ्रीका की ओर से दिए गए 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो शुरुआत खराब हो गई। सलामी बल्लेबाज ईशान किशन बिना कोई रन बनाए शून्य पर आउट होकर वापस चले गए। तिलक वर्मा भी एक ही रन बना सके। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ​कप्तान सूर्या के बीच एक छोटी सी साझेदारी की, लेकिन उनके आउट होते ही फिर से विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। 

शिवम दुबे ने खेली 42 रन की पारी

अभिषेक ने 15 और सूर्या ने 18 रन की पारी खेली। वॉशिंगटन सुंदर 11 और हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर आउट हो गए। शिवम दुबे जरूर एक छोर पर टिके रहे, लेकिन उन्हें साथ देने वाला कोई नहीं मिला। उन्होंने 37 बॉल पर 42 रन बनाए। वे नौवें ​विकेट के रूप में आउट होकर पवेलियन लौटे। इस बड़ी हार से भारतीय टीम को झटका लगा है। 

डेवाल्ड ब्रेविस और ट्रिस्टन स्टब्स की बेहतरीन पारी

इससे पहले डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 बॉल पर धमाकेदार अंदाज में 45 रन बनाए। इसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिर में तेजी से रन बनाए। उन्होंने 24 बॉल पर 44 रन बनाए। उनके बल्ले से एक चौका और तीन छक्के आए। भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए। अर्शदीप सिंह को दो सफलताएं मिली। एक विकेट वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को मिला। 

ऐसी रही भारत की गेंदबाजी

भारत की गेंदबाजी की बात की जाए तो जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। उन्होंने चार ओवर में केवल 15 रन देकर ये काम किया। उनकी बॉल पर साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बना सके। अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वरुण चक्रवर्ती की खूब पिटाई हुई। उन्होंने चार ओवर में 47 रन खर्च दिए और एक ही सफलता हाथ लगी। शिवम दु​बे ने तो दो ओवर में 32 रन दिए और एक विकेट लिया। सुंदर और हार्दिक पांड्या को कोई विकेट नहीं मिला। हार्दिक ने चार ओवर में 45 रन दे दिए। 

भारत का स्क्वॉड: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, संजू सैमसन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज

साउथ अफ्रीका का स्क्वॉड: एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, जेसन स्मिथ, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, एनरिक नोर्त्जे, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, केशव महाराज, मार्को जेनसेन।

Latest Cricket News

India vs South Africa cricket score live updates

Auto Refresh
Refresh
  • 11:09 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    हारने के बाद सूर्यकुमार यादव ने क्या कहा?

    भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में मिली हार के बाद कहा कि मुझे लगता है कि हमने इस मैच में शुरुआत अच्छी की थी, जिसमें हमारे गेंदबाजों ने अच्छी बॉलिंग की जब अफ्रीका ने 21 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। उसके बाद जिस से उन्होंने 7 से 15 ओवर्स के बीच में बल्लेबाजी की मुझे लगता है उन्होंने बहुत अच्छी बैटिंग की और फिर आखिर में हम गेम में वापस आ गए। अगर हम देखें तो हमने गेंदबाजी में काफी बेहतर प्रदर्शन किया।

  • 11:04 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    डेविड मिलर को मिला प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड

    भारत के खिलाफ मैच में शानदार पारी खेलने के लिए डेविड मिलर को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला है। उन्होंने इस मुकाबले में 35 बॉल में 7 चौके और तीन छक्के की मदद से 63 रन बनाए।

  • 10:49 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    भारतीय टीम की बड़ी हार

    भारतीय टीम साउथ अफ्रीका से टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 का पहला मैच हार गई है। टीम को 76 रन से हार मिली है। ये टीम को करारा झटका देकर गई है। इससे भारतीय टीम का नेट रन रेट भी काफी खराब हो गया है। टीम इंडिया केवल 111 रन ही बना सकी।

  • 10:35 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    शिवम दुबे आउट

    शिवम दुबे 42 रन बनाकर आउट हो गए हैं। वे नौवें विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। भारतीय टीम अभी तक 111 रन ही बना सकी।

  • 10:28 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    भारत के 100 रन पूरे

    भारत के 100 रन पूरे गए हैं, लेकिन टीम इंडिया की यहां से जीत की कोई संभावना नहीं है। टीम के आठ विकेट गिर गए हैं। 18 बॉल यानी तीन ओवर का खेल बाकी है और भारत को 86 रन चाहिए। अब देखना केवल इतना है कि टीम इंडिया कितने रनों से ये मैच हारती है।

  • 10:20 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    अर्शदीप आए और गए

    अर्शदीप सिंह आते ही आउट हो गए हैं। वे दो बॉल पर एक ही रन बना सके। भारत के आठ विकेट गिर गए हैं और स्कोर 100 के अंदर है। टीम की हार यहां पक्की लग रही है। हालांकि शिवम दुबे खेल रहे हैं, लेकिन वे अकेले कहां तक ले जा पाएंगे।

  • 10:17 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    महाराज ने एक ही ओवर में चटका दिए दो विकेट

    केशव महाराज ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर टीम इंडिया को अब हार की ओर ढकेल दिया है। भारत के सात विकेट गिर गए हैं। रिंकू सिंह दो बॉल में अपना खाता भी नहीं खोल पाए और आउट हो गए। इस वक्त भारत का स्कोर 88 रन है।

  • 10:15 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    हार्दिक पांड्या आउट

    हार्दिक पांड्या भी आउट हो गए हैं। वे 17 बॉल पर 18 रन ही बना सके। उन्होंने इस दौरान एक ही छक्का मारा। वे केशव महाराज के शिकान बने। अभी 15वां ओवर चल  रहा है और भारत का स्कोर केवल 86 रन ही हुआ है। 100 रन भी नहीं बने हैं।

  • 10:06 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    भारतीय टीम इस वक्त संकट में

    भारतीय टीम अभी तक 100 रन भी नहीं बना पाई है। उसके पांच विकेट गिर गए हैं। 13 ओवर में भारत ने 81 रन बना लिए हैं। अभी जीत बहुत दूर है। इस वक्त हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे क्रीज पर हैं। पांड्या 15 और दुबे 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 9:50 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    भारत को पांचवां झटका

    भारत के 5 विकेट गिर गए हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव 22 बॉल पर केवल 18 रन बनाकर चलते बने हैं। उनके बल्ले से दो चौके आए। अभी दसवां ओवर चल रहा है और भारतीय टीम केवल 51 रन ही बना सकी है।

  • 9:47 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    भारत के 50 रन पूरे

    भारत ने आखिकार अपने 50 रन पूरे कर लिए हैं। भारतीय टीम नौवें ओवर में यहां तक पहुंच पाई है। भारतीय टीम के चार विकेट गिर चुके हैं। अभी भी भारत को बहुत रन बनाने हैं। इस वक्त सूर्या का साथ शिवम दुबे दे रहे हैं।

  • 9:40 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    सुंदर भी आउट, भारत के चार विकेट गिरे

    भारत के चार विकेट गिर गए हैं। वॉशिंगटन आउट हो गए हैं। उन्होंने 11 बॉल पर 11 रन बनाए और चलते बने। भारत के अब तक केवल 43 रन ही बने हैं। अभी आठवां ओवर चल रहा है। टीम इंडिया इस वक्त संकट में दिख रही है।

  • 9:32 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    पावरप्ले में केवल 31 रन

    भारत की पारी के पहले छह ओवर हो गए हैं। भारतीय टीम केवल 31 रन बना सकी है। टीम के 3 विकेट गिर गए हैं। इस वक्त सूर्या 11 और सुंदर 3 रन बनाकर खेल रहे हैं। ईशान किशन, तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा आउट होकर पवेलियन वापस जा चुके हैं।

  • 9:26 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    अभिषेक शर्मा आउट

    अभिषेक शर्मा के रूप में भारत का तीसरा विकेट गिर गया है। उन्होंने तीन मैचों के बाद अपना खाता तो खोल लिया है, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। अभिषेक ने 12 बॉल पर 15 रन बनाने का काम किया। शर्मा ने दो चौके और एक छक्का लगाया। भारत का स्कोर अभी केवल 27 रन है।

  • 9:23 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    चार ओवर बाद भारत का स्कोर

    चार ओवर का खेल हो चुका है। भारत ने अब तक दो विकेट के नुकसान पर 26 रन बना लिए हैं। ईशान किशन और तिलक वर्मा आउट होकर वापस जा चुके हैं। अब अभिषेक शर्मा का साथ कप्तान सूर्यकुमार यादव दे रहे हैं।

  • 9:09 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    तिलक वर्मा भी आउट, भारत के दो विकेट गिरे

    तिलक वर्मा के रूप में भारत का दूसरा विकेट भी गिर गया है। वे दूसरे ओवर में पवेलियन लौटे। उन्होंने केवल एक रन बनाया। वे मार्को यानसेन के शिकार बने। भारत का स्कोर दो ओवर में 5 रन है।

  • 9:05 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    पहले ही ओवर में किशन आउट

    भारत का पहला विकेट पहले ही ओवर में गिर गया है। इस बार स्ट्राइक किशन ने ली और वे आउट हो गए। किशन अपना खाता भी नहीं खोल पाए थे। कप्तान एडन मारक्रम ने उन्हें चलता कर दिया। अब तीसरे नंबर पर तिलक वर्मा आए हैं।

  • 9:03 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की ओपनिंग

    अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने पारी का आगाज किया है। आज के मैच में पहली बॉल पर ईशान किशन ने स्ट्राइक ली। 

  • 8:52 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    सा​उथ अफ्रीका ने बना दिए 187 रन

    साउथ अफ्रीका ने टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट के नुकसान पर 187 रन बना दिए हैं। यानी भारत को अब जीत के लिए 188 रन बनाने होंगे। डेविड मिलर ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 63 रन बनाए। डेवाल्ड ब्रेविस ने भी 45 और ​ट्रिस्टन स्टब्स ने 44 रनों की अहम पारी खेली।

  • 8:44 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    बुमराह को मिला तीसरा विकेट

    जसप्रीत बुमराह ने अपना तीसरा विकेट ​ले लिया है। साउथ अफ्रीका के 7 विकेट गिर गए हैं। उन्होंने छह बॉल पर 5 रन की छोटी सी पारी खेली। साउथ अफ्रीका का स्कोर 165 के पार निकल गया है। अभी एक ओवर का खेल बाकी है।

  • 8:38 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    मार्को जेनसेन 2 रन बनाकर लौटे पवेलियन

    साउथ अफ्रीका के ऑलराउंडर मार्को जेनसेन इस मैच में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। वह 6 बॉल पर 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें अर्शदीप सिंह ने रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट करवाया। अफ्रीकी टीम का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 164 रन है।

  • 8:30 PM (IST)
    Posted by Hitesh Jha

    डेविड मिलर हुए आउट

    साउथ अफ्रीका को पांचवां झटका डेविड मिलर के रूप में लगा है। उनको वरुण चक्रवर्ती ने तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट करवाया। मिलर ने 35 बॉल पर 63 रनों की शानदार पारी खेली। अफ्रीकी टीम का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 152 रन है।

  • 8:11 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    डेविड मिलर का अर्धशतक

    डेविड मिलर ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। जब वे खेलने आए तब टीम संकट में थी, लेकिन उन्होंने ब्रेविस के साथ एक अच्छी साझेदारी कर टीम को वहां से निकाला। मिलर ने 27 बॉल पर अपना अर्धशतक पूरा​ किया। इसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वे अभी नाबाद हैं। टीम का स्कोर चार विकेट पर 125 रन से ज्यादा का हो गया है।

  • 8:09 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    डेवाल्ड ब्रेविस आउट

    डेवाल्ड ब्रेविस एक अच्छी पारी खेलकर आउट हो गए हैं। उन्हें शिवम दुबे ने अपना शिकार बनाया। ​ब्रेविस ने 29 बॉल पर 45 रनों की अच्छी पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाने का काम किया है। उन्हें अभिषेक शर्मा ने कैच कर वापस पवेलियन भेजा।

  • 8:02 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    साउथ अफ्रीका 100 के पार

    साउथ अफ्रीका ने 100 का आंकड़ा पार कर लिया है। टीम का तीसरा विकेट 20 के स्कोर पर गिरा था, इसके बाद डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस ने मोर्चा संभाल लिया है। इस वक्त ​मिलर 45 और ब्रेविस 38 रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 7:54 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    10 ओवर बाद साउथ अफ्रीका का स्कोर

    10 ओवर का खेल खत्म हो चुका है और अब तक साउथ अफ्रीका ने 84 रन बना लिए हैं। टीम के तीन विकेट गिर चुके हैं। इस वक्त ​डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस क्रीज पर हैं। साउथ अफ्रीका का तीसरा विकेट 20 के स्कोर पर गिर गया था, लेकिन इसके बाद मिलर और ब्रे​विस ने अच्छी साझेदारी कर टीम मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।

  • 7:39 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    साउथ अफ्रीका के 50 रन पूरे

    साउथ अफ्रीका ने 50 रन पूरे कर लिए हैं। अब तक सात ओवर का खेल हो चुका है। टीम के तीन विकेट गिर गए हैं। डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर क्रीज पर हैं और एक साझेदारी की कोशिश कर रहे हैं। पावरप्ले समाप्त होने के बाद अब फील्ड खुल गया है।

  • 7:32 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    छह ओवर में साउथ अफ्रीका का स्कोर

    पहले 6 ओवर का खेल हो चुका है। साउथ अफ्रीका ने अब तक 41 रन बना लिए हैं और उसके तीन अहम विकेट गिर चुके हैं। जसप्रीत बुमराह ने दो और अर्शदीप​ सिंह ने एक विकेट अपने नाम किया। इस वक्त डेवाल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर क्रीज पर जमे हुए हैं।

  • 7:23 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    जसप्रीत बुमराह ने तोड़ी साउथ अफ्रीका की कमर

    जसप्रीत बुमराह ने एक और सफलता हासिल कर ली है। अब तक साउथ अफ्रीका के तीन विकेट गिरे हैं। इसमें दो बुमराह और एक अर्शदीप ने लिया है। बुमराह ने अब रियान रिकल्टन को भी चलता कर दिया है। रिकल्टन सात बॉल पर सात ही रन बना सके।

  • 7:17 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    भारत को दूसरी सफलता

    भारत ने दो विकेट ले लिए हैं। पहले डिकॉक आउट हुए, इसके बाद अब कप्तान और सलामी बल्लेबाज एडन मारक्रम भी आउट हो गए हैं। उन्हें अर्शदीप सिंह ने अपना शिकार बनाया। हार्दिक पांड्या ने शानदार कैच पकड़ा। मारक्रम सात बॉल पर चार बना सके। तीन ओवर पूरे होने के बाद साउथ अफ्रीका का स्कोर इस वक्त 19 रन है।

  • 7:11 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    साउथ अफ्रीका का पहला विकेट गिरा

    साउथ अफ्रीका का पहला विकेट गिर गया है। अपने पहले और पारी के दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने डिकॉक को आउट कर दिया है। वे छह बॉल पर केवल सात ही रन बन सके। उन्होंने एक चौका लगाया। दो ओवर के बाद अफ्रीका का स्कोर एक​ विकेट के नुकसान पर 10 रन है।

  • 7:05 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    पहले ओवर में बने केवल 3 रन

    पहला ओवर भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने किया। इसमें केवल तीन ही रन दिए हैं। डिकॉक एक रन और एडन मारक्रम दो रन बनाकर खेल रहे हैं।

  • 7:00 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    साउथ अफ्रीका की बैटिंग शुरू

    साउथ अफ्रीका के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया है। टीम के सलामी बल्लेबाज क्रीज पर आ चुके हैं। खुद कप्तान एडन मारक्रम और ​क्विंटन डिकॉक ने मोर्चा संभालने का काम किया है।

  • 6:45 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    टॉस के वक्त क्या बोले कप्तान सूर्या

    भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव सुपर 8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टॉस हार गए। जब उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे पहले बैटिंग करने के बारे में सोच रहे थे, लेकिन कोई बात नहीं। सूर्या ने कहा कि वे दो या तीन दिन पहले यहां खेले थे। क्यों न इसका फ़ायदा उठाया जाए। सूर्या ने माना कि यह एक बड़ा मैच है, सभी के लिए आगे बढ़कर अपना कैरेक्टर दिखाने का एक शानदार मौका है। वे और उनकी टीम हम पहले बॉलिंग करके खुश हैं। प्लेइंग इलेवन को लेकर उन्होंने कहा कि ये कड़ा फैसला है, लेकिन अक्षर पटेल नहीं खेल रहे है। हम उसी टीम के साथ जा रहे हैं, जो पिछले मैच में खेली थी। यह एक टैक्टिकल डिसीजन है।

  • 6:42 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    भारत की प्लेइंग XI

    अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।

  • 6:39 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    साउथ अफ्रीका की प्लेइंग XI

    एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेट कीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।

  • 6:38 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    साउथ अफ्रीका की टीम कर रही है पहले बैटिंग

    साउथ अफ्रीका की टीम भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के अहम मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है। भारतीय टीम बाद में बल्लेबाजी करती हुई नजर आएगी। भारत अपनी पिछले मैच वाली प्लेइंग इलेवन के साथ ही मैदान में उतर है, यानी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

  • 6:29 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    प्लेइंग इलेवन में हो सकता है एक बदलाव

    टीम की प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। टीम इंडिया शायद नीदरलैंड्स के खिलाफ खेली गई टीम के साथ ही रहेगा, जिसमें वॉशिंगटन सुंदर की जगह अक्षर पटेल को मौका मिल सकता है। साउथ अफ्रीका भी लुंगी एनगिडी को वापस ला सकता है, जो प्रैक्टिस पिचों पर बॉलिंग कर रहे हैं। कॉर्बिन बॉश को भी जॉर्ज लिंडे के ऊपर मौका मिल सकता है।

  • 6:00 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    टॉस जीतकर क्या फैसला करेंगे कप्तान

    इस मैच में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। हालांकि अगर आंकड़ों पर गौर करें तो पता चलता है कि इस मैदान पर अभी तक कुल 12 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने अपने नाम किए हैं, तो सिर्फ चार बार ही टारगेट का पीछा करने वाली टीम जीत हासिल करने में कामयाब हो सकी है। ऐसे में टॉस जीतने वाला कप्तान क्या करेगा, ये देखन भी दिलचस्प होगा। यहां पहली पारी का औसत स्कोर देखा जाए तो वह 190 से 195 रनों के बीच का देखने को मिलता है।

  • 5:54 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    काली मिट्टी की पिच पर खेला जाएगा आज का मुकाबला

    भारत और साउथ अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 का मुकाबला काली मिट्टी की पिच पर खेला जाएगा। अमूमन यहां पर शाम के समय खेले जाने वाले मैचों में काफी बड़े स्कोर बनते हुए देखने को मिलते हैं, लेकिन इस मैच के काली मिट्टी पर खेले जाने की वजह से पिच का मिजाज थोड़ा धीमा हो सकता है, जिसके चलते रन बनाना उतना आसान काम ना हो।

     

  • 5:53 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    आज कैसा रहेगा अहमदाबाद में मौसम

    भारत बनाम साउथ अफ्रीका मुकाबले के दौरान मौसम को लेकर बात की जाए तो उसमें बारिश होने की उम्मीद ना के बराबर है, ऐसे में फैंस को पूरा मुकाबला देखने का मौका मिलेगा। वहीं तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

  • 5:51 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    साल 2024 के टी20 विश्व कप फाइनल में भी भारत ने मारी थी बाजी

    रिकॉर्ड देखने पर साफ पता चलता है कि भारतीय टीम अधिकतर मौकों पर दक्षिण अफ्रीका पर भारी पड़ी है। पिछली बार साल 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में दोनों टीमों की इस टूर्नामेंट में भिड़ंत हुई थी। जिसे टीम इंडिया 7 रनों से अपने नाम करने में कामयाब रही थी। इसके बाद दोनों टीमें कई बार टी20 इंटरनेशनल में आमने सामने आईं, लेकिन विश्व कप में ये उसके बाद पहली भिड़ंत हो रही है।

  • 5:49 PM (IST)
    Posted by Pankaj Mishra

    टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अफ्रीका से खेले हैं 7 मुकाबले

    टीम इंडिया का टी20 वर्ल्ड कप में सभी टीमों के खिलाफ शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम का टी20 वर्ल्ड कप में हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो इनके बीच अब तक 7 मैच खेले गए हैं, इसमें से टीम इंडिया ने जहां 5 मुकाबलों को अपने नाम किया है, तो वहीं साउथ अफ्रीका की टीम सिर्फ 2 मैचों को जीतने में कामयाब रही है।

     

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल