श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम की टी20 इंटरनेशनल में शुरुआत काफी शर्मनाक देखने को मिली है। तीन बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी को अपने नाम करने वाली टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ खेली जा रही 2 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय टीम को पहली बार किसी भी फॉर्मेट में आयरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले टीम इंडिया ने ना सिर्फ टी20 इंटरनेशनल बल्कि वनडे में भी आयरलैंड के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं गंवाया था। इस मैच में भारतीय टीम को 183 रनों का टारगेट मिला था जिसमें उसका पीछा करते हुए टीम इंडिया 18.5 ओवर्स में 148 रन बनाकर सिमट गई।
अभिषेक शर्मा को छोड़कर सभी ने किया बल्ले से निराश
टीम इंडिया जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टी20 इंटरनेशनल में अब अपना पहला मुकाबला खेलने उतरी उससे सभी को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद थी। आयरलैंड के खिलाफ 183 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया की शुरुआत काफी खराब देखने को मिली जिसमें संजू सैमसन जहां सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हुए तो वहीं ईशान किशन सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने बतौर कप्तान पहली बार उतरे श्रेयस अय्यर से सभी को बड़ी पारी की उम्मीद थी लेकिन वह भी सिर्फ तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए। ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ही एक छोर को संभाले रखे हुए थे जिसमें वह भी अपनी फिफ्टी पूरी करने के बाद 50 के स्कोर पर आउट हो गए। 90 के स्कोर तक इस मैच में टीम इंडिया अपने 5 विकेट गंवा चुकी थी। वहीं इसके बाद रनगति को बढ़ाने के दबाव में टीम इंडिया लगातार अपने विकेट गंवाती रही और 18.5 ओवर्स में 148 के स्कोर पर पारी सिमट गई।
आयरलैंड के लिए हम्फ्रीज-होलार्ड और मूंदड़ा ने दिखाया गेंद से कमाल
भारतीय टीम के खिलाफ पहली बार किसी भी फॉर्मेट में जीत हासिल करने वाली आयरलैंड की टीम की तरफ से पहले टी20 मैच में गेंदबाजों ने अहम भूमिका अदा की जिसमें मैथ्यू हम्फ्रीज और मैथ्यू होलार्ड ने 3-3 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू मुकाबला खेल रहे भारतीय मूल के आयरिश खिलाड़ी जय मूंदड़ा भी गेंद से कमाल दिखाने में कामयाब रहे जिसमें उन्होंने 2 अहम विकेट अपने नाम किए। वहीं इसके अलावा लियाम मैकार्थी और गेरेथ डिनाली ने भी 1-1 विकेट अपने नाम किया। अब दोनों टीमों के बीच में इस सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 28 जून को बेलफास्ट के स्टेडियम में ही खेला जाएगा।ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू रुका, नए कप्तान श्रेयस अय्यर ने उम्मीदों पर फेरा पानी