Wednesday, March 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs NZ: टीम इंडिया ने 5वें टी20 मैच को किया 46 रनों से अपने नाम, इंग्लैंड को इस मामले में छोड़ा पीछे

IND vs NZ: टीम इंडिया ने 5वें टी20 मैच को किया 46 रनों से अपने नाम, इंग्लैंड को इस मामले में छोड़ा पीछे

Written By: Abhishek Pandey @anupandey29 Published : Jan 31, 2026 10:30 pm IST, Updated : Jan 31, 2026 10:39 pm IST

IND vs NZ: भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के पांचवें और आखिरी मुकाबले को 46 रनों से अपने नाम करने के साथ, इस सीरीज को भी 4-1 के अंतर से जीत लिया है।

Indian Cricket Team- India TV Hindi
Image Source : AFP भारतीय क्रिकेट टीम

भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले को 46 रनों से अपने नाम करने के साथ दूसरी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। टीम इंडिया ने तिरुवनंतपुरम के स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पांचवें और आखिरी मुकाबले में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद उन्होंने 20 ओवर्स में 271 रनों का बड़ा स्कोर बना दिया। वहीं टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की तरफ से आक्रामक बल्लेबाजी तो देखने को मिली लेकिन रनरेट का दबाव बढ़ने के साथ उन्होंने काफी तेजी के साथ अपने विकेट भी गंवाए। कीवी टीम इस मैच में 19.4 ओवर्स में 225 रन बनाकर सिमट गई। टीम इंडिया ने इस मैच में जीत के साथ एक खास मामले में इंग्लैंड की टीम को भी पीछे छोड़ने का काम किया।

अर्शदीप सिंह ने गेंद से दिखाया कमाल

टीम इंडिया के बल्लेबाजी प्रदर्शन से ये साफ हो गया था कि पिच पूरी तरह से बल्लेबाजों के लिए ही है। हालांकि न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने अपना पहला विकेट 17 के स्कोर पर टिम सीफर्ट के रूप में पहले ही ओवर में गंवा दिया जो अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद फिन एलन और रचिन रवींद्र ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 100 रनों की साझेदारी कर दी। खतरनाक होती इस पार्टनरशिप को अक्षर पटेल ने 9वें ओवर में तोड़ा जब कीवी टीम को 117 के स्कोर पर दूसरा झटका फिन एलन के रूप में लगा जो 38 गेंदों में 80 रनों की पारी खेलकर पवेलियन वापस लौटे।

यहां से टीम इंडिया के गेंदबाजों ने मुकाबले में अपनी पकड़ को मजबूत करते हुए कीवी बल्लेबाजों को अधिक खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया, जिसमें लगातार अंतराल में विकेट गिरने का सिलसिला देखने को मिला। वहीं अर्शदीप सिंह जिन्होंने अपने पहले 2 ओवर्स में इस मैच में कुल 40 रन दिए थे, उनको जब 12वें ओवर में फिर से गेंदबाजी के लिए वापस लाया गया तो उन्होंने 2 विकेट लेने के साथ शानदार वापसी की। इसके बाद अर्शदीप सिंह ने अपने आखिरी ओवर में एक और विकेट लेने के साथ टी20 इंटरनेशनल करियर में पहला 5 विकेट हॉल भी पूरा किया। टीम इंडिया की तरफ से इसके अलावा इस मैच में अक्षर पटेल ने तीन विकेट तो वहीं रिंकू सिंह और वरुण चक्रवर्ती एक विकेट लेने में कामयाब रहे।

टीम इंडिया ने इस मामले में इंग्लैंड को छोड़ा पीछे

भारतीय टीम अब टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है, जिसमें उनसे आगे सिर्फ पाकिस्तान की टीम है। टीम इंडिया की ये कीवी टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में 18वीं जीत है, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड की टीम को पीछे छोड़ा है जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ कुल 17 टी20 मैच जीते हैं। बता दें कि भारत की तरफ से आखिरी टी20 मैच में बल्ले से ईशान किशन का कमाल देखने को मिला जिन्होंने 103 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

ये भी पढ़ें

ईशान किशन ने 42 गेंदों में जड़ा शतक, भारत की तरफ से ये मुकाम हासिल करने वाले बने सिर्फ दूसरे खिलाड़ी

टीम इंडिया ने चकनाचूर किया इंग्लैंड के छक्कों का रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में बना दिया कीर्तिमान

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement