भारतीय अंडर-19 टीम को पांचवें यूथ वनडे मैच में इंग्लैंड अंडर-19 टीम ने 7 विकेट से हरा दिया। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद नौ विकेट पर 210 रन बनाए। इंग्लैंड ने इस लक्ष्य को 113 गेंदें शेष रहते हुए आसानी से हासिल कर लिया। मैच हारने के बाद भी भारत ने सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली।
इंग्लैंड अंडर-19 टीम के लिए दो बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक
इंग्लैंड अंडर-19 टीम के लिए बेन मेयस और बीजे डॉकिन्स ने अर्धशतक लगाए। इन दोनों प्लेयर्स ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मेयस ने अपनी 76 गेंदों की पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया और 82 रन बनाए, जबकि डॉकिन्स ने अपनी 53 गेंदों की पारी में नौ चौके, तीन छक्के जड़े और 66 रन बनाए। वहीं कप्तान थॉमस रेव के 37 गेंदों में नाबाद 49 रनों की मदद से लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। भारत के लिए लेग-स्पिनर नमन पुष्पक ने 65 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि दीपेश देवेंद्रन ने अपने सात ओवरों में 34 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
वैभव सूर्यवंशी नहीं खेल पाए बड़ी पारी
भारत की शुरुआत खराब रही। कप्तान आयुष म्हात्रे (1) और विहान मल्होत्रा (1) तीन ओवर के अंदर ही आउट हो गए। उस समय स्कोर सिर्फ नौ रन था। युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी (42 गेंदों में 33 रन) अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने राहुल कुमार (21) के साथ मिलकर 51 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। सूर्यवंशी ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। राहुल कुमार भी ज्यादा देर टिक नहीं पाए और ग्रीन की गेंद पर बीजे डॉकिन्स को कैच थमा बैठे।
अंबरीश के अर्धशतक से 200 पार पहुंची टीम
आरएस अंबरीश ने 81 गेंदों में छह चौकों की मदद से जुझारू 66 रन बनाकर एक छोर संभाले रखा और टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। विकेकीपर हर्ष पंगालिया और कनिष्क चौहान ने 24-24 रन बनाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही भारतीय अंडर-19 टीम 210 रन बनाने में सफल रही।
यह भी पढ़ें:
लारा का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने से बचाया, 367 रन बनाने वाले कप्तान ने क्यों की पारी घोषित? हुआ खुलासा