IPL 2023 Auction : आईपीएल 2023 को लेकर तैयारी जारी है। सभी दस टीमें अपने अपने रिलीज और रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट पहले ही जारी कर चुकी हैं और अब आईपीएल ऑक्शन की तारीख भी करीब आ रही है। पहले ही साफ हो चुका है कि आईपीएल 2023 के लिए मिनी ऑक्शन 23 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इस बीच दुनियाभर के खिलाड़ी अपना अपना नाम मिनी ऑक्शन के लिए दे रहे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग मानी जाने वाली इस लीग में हर खिलाड़ी खेलना चाहता है। हालांकि इस बार कुछ बड़े खिलाड़ी आईपीएल से दूरी बना सकते हैं, ऐसा माना जा रहा है, लेकिन उनकी जगह कुछ नए खिलाड़ी पहली बार इसमें भाग लेते हुए भी नजर आ सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के स्टार क्रिकेटर भी इसमें शामिल होने का मन बना रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन भी आईपीएल ऑक्शन में आएंगे नजर
ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर में से एक कैमरन ग्रीन के बारे में खबर आ रही है कि वे आईपीएल 2023 खेलना चाहते हैं और अपना नाम मिनी ऑक्शन में देंगे। कैमरन ग्रीन को उम्मीद है कि पिछले कुछ समय में जिस तरह का प्रदर्शन उन्होंने अपनी टीम ऑस्ट्रेलिया के लिए किया है, उसे देखते हुए टीमें मिनी ऑक्शन में उन पर दांव जरूर लगाना चाहेंगी। इसी साल जब ऑस्ट्रलियाई टीम भारत दौरे पर आई थी, तब उन्होंने अच्छा खेल दिखाया था। उन्होंने तीन में से दो मैचों में अर्धशतक लगाया था, जिसमें 19 गेंदों पर ही लगाया था एक अर्धशतक तो काफी लंबे अर्से तक याद किया जाएगा। कैमरन ग्रीन ने क्रिकेट डॉट कॉम एयू से बात करते हुए कहा कि उन्होंने अपना नाम आईपीएल 2023 के ऑक्शन के लिए भेज दिया है। इस बीच खबरें हैं कि कैमरन ग्रीन का नाम सामने आते ही सभी टीमें ने उन पर दांव खेलने की तैयारी कर ली है और जिन खिलाड़ियों को टीमें अपने पाले में करने के लिए तैयार हैं, उस लिस्ट में ग्रीन का नाम आ गया है।
कैमरन ग्रीन पर टीमे लगा सकती हैं बड़ा दांव
कैमरन ग्रीन ने कहा है कि वे जितना भी हो सके, खेलने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वे भले आईपीएल में खेलना चाहते हों, लेकिन वे टेस्ट भी खेलना चाहते हैं, जो उनका पुराना सपना है। इस बीच कैमरन ग्रीन अपने पिता के साथ अभ्यास भी कर रहे हैं, ताकि अपने खेल को और भी ज्यादा अच्छे तरीके से निखारा जा सके। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने भी कहा था कि अगर ग्रीन चाहें तो अपना नाम आईपीएल के लिए दे सकते हैं। आने वाले दिनों में कुछ और ऐसे बड़े खिलाड़ियों के नाम सामने आ सकते हैं जो इस साल के आईपीएल में खेलने के लिए अपना नाम दे सकते हैं।