1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 'KKR ने हमें हराया नहीं...' SRH की हार के बाद भड़के टीम के हेड कोच ने क्यों कही ये बात

'KKR ने हमें हराया नहीं...' SRH की हार के बाद भड़के टीम के हेड कोच ने क्यों कही ये बात

 Written By: Rishikesh Singh
 Published : May 05, 2023 02:57 pm IST,  Updated : May 05, 2023 02:57 pm IST

SRH vs KKR: सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीता हुआ मैच गंवा दिया।

SRH vs KKR- India TV Hindi
SRH vs KKR Image Source : AP

आईपीएल 2023 का 47वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। इस रोमांचक मैच में केकेआर ने अंतिम ओवर में सनराइजर्स को 5 रनों से हरा दिया। मैच के अंतिम पांच ओवर में सनराइजर्स को जीत के लिए सिर्फ 38 रनों की जरूरत थी, लेकिन वह यह मैच नहीं जीत सके। इस हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद के हेड कोच ब्रायन लारा काफी ज्यादा नाराज नजर आए और उन्होंने अपने टीम के बल्लेबाजों को कसूरवार ठहराते हुए कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें नहीं हराया बल्कि वह खुद हारे हैं।

हार के बाद क्या बोले लारा

जीत के लिये 172 रन के लक्ष्य के जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 166 रन ही बना सकी। अब वह दस टीमों में नौवें स्थान पर है जबकि केकेआर आठवें स्थान पर है। लारा ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि उन्होंने पावरप्ले में विकेट गंवाए जिससे उबर ही नहीं सके। हमने हेनरिच क्लासेन को पारी संभालने के लिए कहा। वह छठे नंबर पर उतरते हैं और उनसे पहले पांच बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उनके लिए यह कठिन था। उन्होंने आगे कहा कि बल्लेबाजों को मददगार पिच पर ऐसे मैच जीतने का शऊर आना चाहिए लेकिन हम जीत नहीं सके। हमें साझेदारियों पर फोकस करना होगा। आक्रामक होना अच्छी बात है लेकिन मैच जीतने के लिए ठहरकर खेलना भी जरूरी है। 

लारा ने केकेआर के स्पिनर सुनील नारायण और वरूण चक्रवर्ती की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वे शानदार स्पिनर हैं। हमने देखा है कि टूर्नामेंट में स्पिनरों की भूमिका अहम होती है। नारायण और चक्रवर्ती जैसे स्पिनर विश्व स्तरीय हैं। हम मैच में बने हुए थे लेकिन हमने खुद मैच गंवा दिया। केकेआर के स्पिनर चक्रवर्ती ने कहा कि सीमारेखा की तरफ लंबे शॉट लगाने के लिए सनराइजर्स के बल्लेबाजों को उकसाने की उनकी रणनीति कामयाब रही। उन्होंने कहा कि काफी दबाव तो था लेकिन नितीश मुझसे एक ही बात कर रहे थे कि सनराइजर्स के बल्लेबाजों को सीमारेखा की तरफ खेलने के लिए ललचाओ। हमने वही किया और यह महत्वपूर्ण जीत मिली।

जीत के बाद टूर्नामेंट में बरकरार KKR

केकेआर की टीम ने इस मुकाबले को जीतकर प्लेऑफ में जाने के लिए अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। आईपीएल 2023 में खराब शुरुआत करने वाली केकेआर की टीम के लीग स्टेज में अभी भी 4 मुकाबले बचे हुए हैं। इस साल का हाल देखकर ऐसा लग रहा है कि कोई टीम अगर पॉइंट्स टेबल पर 16 अंक हासिल कर लेती है तो, वह टीम बड़ी आसानी से प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। ऐसे में केकेआर की टीम को अपने बचे हुए सभी चार मुकाबले जीतने होंगे। उन्हें अपने अगले चार मैच पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है। इन मैचों में से सिर्फ सीएसके वाला मैच उन्हें चेन्नई में खेलना है। बाकी सारे मैच उनके होम ग्राउंड कोलकाता में खेले जाएंगे। ऐसे में उनके पास प्लेऑफ में जाने का एक अच्छा मौका नजर आ रहा है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल