1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2025 Purple Cap: इस धाकड़ गेंदबाज के सिर सजी पर्पल कैप, 15 मैच में झटके 25 विकेट

IPL 2025 Purple Cap: इस धाकड़ गेंदबाज के सिर सजी पर्पल कैप, 15 मैच में झटके 25 विकेट

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 03, 2025 11:33 pm IST,  Updated : Jun 03, 2025 11:33 pm IST

RCB के चैंपियन बनने के साथ ही IPL 2025 का समापन हो गया। इस सीजन गुजरात टाइटंस का गेंदबाज सबसे ज्यादा विकेट लेने में कामयाब रहा।

IPL 2025 Purple Cap- India TV Hindi
गुजरात टाइटंस Image Source : PTI

इंडियन प्रीमियर लीग को नया चैंपियन मिल गया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार IPL का खिताब जीत लिया है। इस तरह RCB IPL खिताब जीतने वाली 8वीं टीम बन गई है। इससे पहले CSK, MI, SRH, KKR, डेक्कन चॉर्जर्स, गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स ही IPL खिताब जीतने में सफल रही थी। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 190 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 7 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी। इस तरह RCB ने 6 रनों से IPL का खिताब अपने नाम कर लिया। 

इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन में एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले हुए और हर बार की तरह इस बार भी गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला। पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करने वाले गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने आखिरकार पर्पल कैप अपने नाम कर ली। 15 मैचों में 25 विकेट चटकाकर वह इस सीजन के सबसे सफल गेंदबाज बने।

प्रसिद्ध कृष्णा ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार अपनी लय और लाइन-लेंथ को बनाए रखा। पावरप्ले हो या डेथ ओवर, हर वक्त कप्तान ने उन पर भरोसा जताया और इस तेज गेंदबाज ने भी हर बार टीम को अहम विकेट दिलाकर उम्मीदों पर खरा उतरने का काम किया। उनके बेहतरीन स्पेल्स ने गुजरात टाइटंस को प्लेऑफ तक पहुंचाने में बड़ा योगदान दिया। हालांकि, टीम फाइनल में नहीं जा सकी। 

नूर अहमद ने दी कड़ी टक्कर

पर्पल कैप की रेस में चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिनर नूर अहमद भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने 24 विकेट लेकर प्रसिद्ध को कड़ी टक्कर दी। खासतौर पर चेपॉक की धीमी पिचों पर नूर ने अपनी फिरकी का जादू दिखाया और विपक्षी बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड और मुंबई इंडियंस के अनुभवी ट्रेंट बोल्ट ने 22-22 विकेट झटककर इस लिस्ट में तीसरा स्थान साझा किया। इन दोनों गेंदबाजों ने भी अपनी-अपनी टीमों के लिए कई अहम मौकों पर विकेट लेकर मैच का रुख पलटा। 

अर्शदीप ने झटके 20 से ज्यादा विकेट

पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने 21 विकेट लेकर अपना दम दिखाया। डेथ ओवरों में उनकी सटीक यॉर्कर और धीमी गेंदों ने बल्लेबाजों को खूब छकाया। इसके अलावा आर साई किशोर (19 विकेट) और जसप्रीत बुमराह (18 विकेट) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। कुल मिलाकर, IPL 2025 का ये सीजन गेंदबाजों के लिहाज़ से बेहद खास रहा, जहां प्रसिद्ध कृष्णा ने पर्पल कैप पर कब्जा जमाकर अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया। 

IPL 2025 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज

  • 25 - प्रसिद्ध कृष्णा (गुजरात टाइटंस)
  • 24 - नूर अहमद (चेन्नई सुपर किंग्स)
  • 22 - जोश हेजलवुड (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)
  • 22 - ट्रेंट बोल्ट (मुंबई इंडियंस)
  • 21 - अर्शदीप सिंह (पंजाब किंग्स)
  • 19 - आर साई किशोर (गुजरात टाइटंस) 
  • 18 - जसप्रीत बुमराह (मुंबई इंडियंस)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल