1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कब तक होगा 25 करोड़ के ऑलराउंडर की गेंदबाजी का दीदार? बड़ा अपडेट सामने आया

कब तक होगा 25 करोड़ के ऑलराउंडर की गेंदबाजी का दीदार? बड़ा अपडेट सामने आया

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Apr 08, 2026 05:12 pm IST,  Updated : Apr 08, 2026 05:12 pm IST

IPL 2026 का 28 मार्च को आगाज हुआ था और अब तक 13 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स ने 3 मुकाबले खेले हैं, लेकिन एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। हालांकि, पिछला मुकाबला बारिश में धुलने के कारण KKR को एक पॉइंट मिल गया।

Cameron Green- India TV Hindi
कैमरन ग्रीन Image Source : AP

Cameron Green: IPL 2026 में अब तक सिर्फ बल्लेबाजी करते नजर आए 25 करोड़ के स्टार ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन की गेंदबाजी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। लंबे इंतजार के बाद अब फैंस को उनकी गेंदबाजी का भी दीदार होने वाला है, जिससे कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ी राहत मिल सकती है।

ESPNCricinfo की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीन 9 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में होने वाले मुकाबले में गेंदबाजी करते नजर आ सकते हैं। यह मैच इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का अहम मुकाबला होगा, जहां KKR को जीत की सख्त जरूरत है।

क्यों नहीं कर रहे थे गेंदबाजी?

ग्रीन ने IPL 2026 के शुरुआती तीन मैचों में एक भी ओवर नहीं डाला। इसकी वजह उनकी लोअर-बैक इंजरी थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही साफ कर दिया था कि वह टूर्नामेंट की शुरुआत में केवल बल्लेबाज के तौर पर खेलेंगे और 10-12 दिन बाद गेंदबाजी के लिए तैयार होंगे। अब उस अपडेट के बाद पर्याप्त समय बीत चुका है और माना जा रहा है कि ग्रीन पूरी तरह से मैच कंडीशन में गेंदबाजी करने के लिए तैयार हैं।

टीम बैलेंस पर पड़ा असर

ग्रीन के गेंदबाजी न करने से KKR का संतुलन बिगड़ गया था। टीम पहले से ही चोटों से जूझ रही है। मुस्तफिजुर रहमान टीम से बाहर हैं, जबकि हर्षित राणा और आकाश दीप चोटिल हो चुके हैं। इसके अलावा सुनील नरेन बीमारी और वरुण चक्रवर्ती हाथ की चोट के कारण पिछले मैच में नहीं खेले। KKR ने IPL 2026 के ऑक्शन में कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, ग्रीन का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। उन्होंने तीन पारियों में सिर्फ 18, 2 और 4 रन बनाए हैं, जिससे उनकी प्लेइंग इलेवन में जगह पर सवाल उठने लगे हैं।

ग्रीन की फॉर्म पर उठे सवाल

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एरोन फिंच ने ग्रीन की फॉर्म पर चिंता जताते हुए कहा कि वह पहले जैसे आत्मविश्वास में नहीं दिख रहे। फिंच का मानना है कि ग्रीन को नीचे खिलाने के बजाय या तो ऊपर भेजा जाए या फिर उन्हें थोड़ा आराम दिया जाए। अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि गेंदबाजी में वापसी के बाद ग्रीन टीम के लिए कितना असर डाल पाते हैं। अगर वह ऑलराउंड प्रदर्शन करते हैं, तो KKR की जीत की राह आसान हो सकती है। KKR के लिए यह अपडेट किसी राहत से कम नहीं है। एक तरफ टीम चोटों से जूझ रही है, वहीं ग्रीन की गेंदबाजी में वापसी टीम को नया संतुलन और मजबूती दे सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मैदान पर वह अपने प्रदर्शन से आलोचकों को कैसे जवाब देते हैं।

यह भी पढ़ें:

DC vs GT: दिल्ली की पिच पर बल्लेबाज या गेंदबाज किसका दिखेगा जलवा, टॉस की रहेगी अहम भूमिका

डेविड वॉर्नर के ड्रिंक ड्राइविंग केस में बड़ा खुलासा, पुलिस के सामने कबूली 3 गिलास वाइन पीने की बात

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल