1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे में अंग्रेज की एंट्री, सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे में अंग्रेज की एंट्री, सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Mar 16, 2026 10:25 pm IST,  Updated : Mar 16, 2026 10:25 pm IST

IPL 2026 से पहले इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज जेम्स फोस्टर को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।

CSK- India TV Hindi
जेम्स फोस्टर चेन्नई सुपर किंग्स Image Source : AFP

CSK New Fielding Coach: IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स यानी CSK ने बड़ा कदम उठाया है। CSK ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व इंग्लैंड विकेटकीपर-बल्लेबाज जेम्स फोस्टर को टीम का नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है। 45 साल फोस्टर आगामी सीजन में टीम के साथ जुड़ेंगे और खिलाड़ियों की फील्डिंग को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। फोस्टर चेन्नई के उस कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बनेंगे जिसकी अगुवाई पूर्व न्यूजीलैंड कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग कर रहे हैं। वहीं टीम के बल्लेबाजी कोच माइकल हसी और गेंदबाजी कोच एरिक सिमन्स हैं। चेन्नई इस बार खिताब जीतने के इरादे के साथ मैदान में उतरेगी क्योंकि पिछले कुछ सीजन टीम के लिए खास नहीं रहे हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- हमारे नए फील्डिंग कोच जेम्स फोस्टर का स्वागत कीजिए। इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर और दुनिया भर की टीमों के साथ कोचिंग का अनुभव रखने वाले फोस्टर अब हमारे साथ अपने इस नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं।

जेम्स फोस्टर के पास कोचिंग का अपार अनुभव

जेम्स फोस्टर ने इंग्लैंड के लिए 2001 से 2009 के बीच 7 टेस्ट, 11 ODI और 5 T20I मैच खेले थे। क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग में कदम रखा और कई टीमों के साथ काम किया। वह इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की नेशनल टीमों के कोचिंग स्टाफ का भी हिस्सा रह चुके हैं। इसके अलावा इस साल उन्होंने डेजर्ट वाइपर्स के साथ इंटरनेशनल लीग T20 का खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई। फोस्टर फिलहाल बर्मिंघम फीनिक्स के सहायक कोच भी हैं, जो द हंड्रेड लीग में हिस्सा लेती है। 

30 मार्च से शुरू होगा CSK का अभियान

5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला गुवाहाटी में खेला जाएगा। इसके बाद चेन्नई की टीम 4 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि नए फील्डिंग कोच के रूप में जेम्स फोस्टर टीम की फील्डिंग में कितना सुधार ला पाते हैं और क्या चेन्नई एक बार फिर खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदार बन पाती है।

यह भी पढ़ें

युवराज सिंह नहीं तो फिर कौन, छह बॉल पर छह छक्के, सबसे पहले किसने बनाया था इंटरनेशनल ​क्रिकेट में ये रिकॉर्ड

आखिरी ओवर में हुआ जमकर ड्रामा, बांग्लादेश के इस हरकत से नाराज हुआ पाकिस्तान, मैच के बाद की शिकायत

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल