DC SWOT Analysis: दिल्ली कैपिटल्स की टीम IPL 2026 में एक नई उम्मीद और नए जोश के साथ खेलने के लिए उतरेगी। अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली की टीम इस सीजन अपना पहला खिताब जीतना चाहेगी और 19 साल से चले आ रहे ट्रॉफी के सूखे को खत्म करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। IPL 2025 में अक्षर पटेल की कप्तानी में टीम ने शानदार शुरुआत की थी, लेकिन टूर्नामेंट के बीच में उनकी टीम लय खो बैठी, जिसके बाद वह प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गए।
IPL 2026 सीजन से पहले उन्होंने खराब फॉर्म वाले खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया और ऑक्शन के दौरान एक मजबूत टीम बनाने की कोशिश की, जिसमें में वो काफी हद तक सफल भी रहे। इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के साथ करेगी। इस सीजन की शुरुआत से पहले हम आज बात करेंगे कि दिल्ली की ताकत और कमजोरी के बारे में।
दिल्ली कैपिटल्स की ताकत
दिल्ली के बैटिंग ऑर्डर में सबसे ऊपर अनुभवी नाम केएल राहुल का है, उनके बाद मिडिल ऑर्डर में डेविड मिलर, कप्तान अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स जैसे खिलाड़ी हैं। उनके पास टॉप-7 में बैटिंग के लिए कई बेहतरीन विकल्प भी मौजूद हैं। पिछले दो सीजन में अभिषेक पोरेल लगातार टीम को अच्छी शुरुआत दे रहे हैं, जिसकी वजह से पथुम निसंका, बेन डकेट और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ियों को बेंच पर बैठना पड़ रहा है।
IPL 2026 के ऑक्शन से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अनुभवी फिनिशर्स को स्क्वॉड में शामिल करके अपनी टीम को और भी मजबूत बना लिया है। इस सीजन भी ट्रिस्टन स्टब्स भी टीम के प्रमुख फिनिशर होंगे, जो पिछले दो सीजन में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं। आशुतोष शर्मा, समीर रिजवी और विपराज निगम जैसे भारतीय प्लेयर्स स्टब्स के साथ फिनिशिंग की भूमिका निभाएंगे। वहीं जरूरत पड़ने पर डेविड मिलर भी इस भूमिका को निभा सकते हैं।
दिल्ली के पास एक मजबूत स्पिन अटैक भी मौजूद है। DC के लिए इस सीजन स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा कुलदीप यादव और अक्षर पटेल निभाएंगे। दोनों ही गेंदबाज किसी भी वक्त मैच रुख पलट सकते हैं। वहीं जरूरत पड़ने पर इन दोनों का साथ विपराज निगम भी दे सकते हैं। ऐसे में दिल्ली के स्पिनर्स इस सीजन उनके लिए अहम भूमिका निभाते हुए नजर आ सकते हैं।

DC की कमजोरी
टीम की कमजोरी को लेकर बात करें तो दिल्ली के पास पेस अटैक में अनुभवी इंडियन पेसर्स नहीं हैं। उनके पास आकिब नबी हैं, लेकिन उनके पास आईपीएल में खेलने का अनुभव नहीं है। उनके पास मुकेश कुमार हैं, जो एक अच्छे बॉलर हैं लेकिन वह रन भी खर्च करते हैं। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स इस सीजन में कैसा प्रदर्शन करती है ये काफी हद तक इस बात पर भी निर्भर करेगा कि उनका पेस अटैक इस सीजन कैसा प्रदर्शन करता है। वहीं दिल्ली के लिए एक और परेशानी ये है कि इस सीजन केएल राहुल के साथ पारी का आगाज कौन करेगा। उनके पास कई ओपनर्स हैं लेकिन शुरुआती मैच में मौका किसे मिलेगा ये देखना दिलचस्प होगा।
किसके लिए होगा मौका?
जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को IPL 2026 के ऑक्शन में दिल्ली ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस ऑक्शन में वह दिल्ली के सबसे महंगे खिलाड़ी थे। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने अभी तक जबरदस्त गेंदबाजी की है। हाल ही में रणजी ट्रॉफी जीतने के दौरान उन्होंने 60 विकेट लिए, साथ ही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 7.50 से कम की इकॉनमी रेट से 15 विकेट और विजय हजारे ट्रॉफी में 14 विकेट चटकाए। उनके पास अब आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके टीम इंडिया में अपनी जगह पक्का करने का मौका होगा। इस सीजन सभी की नजरें आकिब नबी पर जरूर रहेगी।
दिल्ली कैपिटल्स के लिए क्या है सबसे बड़ा खतरा?
पिछला सीजन इस दिल्ली कैपिटल्स की टीम दबाव वाले क्षण में बैकफुट पर नजर आई थी। शुरुआती मुकाबलों में जीतकर दिल्ली की टीम टॉप-4 में जगह बनाने की ओर तेजी से आगे बढ़ रही थी। लेकिन बाद में कुछ मैचों में अक्षर पटेल के प्लान में कमी देखने को मिली, जिसका उन्हें सीजन के आखिर में काफी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स को इस सीजन रणनीतिक कमजोरियों को दूर करना होगा।

यह भी पढ़ें
मथीशा पथिराना के फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट, KKR के कोच ने बताया कब तक होंगे फिट
IPL 2026 से पहले CSK की बढ़ी टेंशन, अब एक और खिलाड़ी के खेलने पर बना सस्पेंस