1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बड़ा उलटफेर, आयरलैंड ने बांग्लादेश को धमाकेदार अंदाज में हराया, साल 2025 में जीता पहला T20I मैच

बड़ा उलटफेर, आयरलैंड ने बांग्लादेश को धमाकेदार अंदाज में हराया, साल 2025 में जीता पहला T20I मैच

 Written By: Govind Singh
 Published : Nov 27, 2025 10:58 pm IST,  Updated : Nov 27, 2025 10:58 pm IST

आयरलैंड की टीम ने बांग्लादेश की टीम को पहले टी20 मैच में 39 रनों से शिकस्त दी है और सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली है।

harry trector- India TV Hindi
हैरी टेक्टर Image Source : AP

बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच पहला टी20 मैच चटगांव के मैदान पर गया था, जिसमें आयरलैंड ने शानदार अंदाज में बांग्लादेश की टीम को 39 रनों से हरा दिया। इस मैच में बांग्लादेश के गेंदबाज और बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाए। आयरलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए कुल 181 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम सिर्फ 142 रनों पर सिमट गई। इस तरह से आयरलैंड ने साल 2025 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहली जीत दर्ज की।

हैरी टेक्टर ने लगाया अर्धशतक

आयरलैंड की टीम के लिए पॉल स्टर्लिंग और टिम टेक्टर ने पहले विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी की और जीत की नींव रख दी थी। इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे हैरी टेक्टर ने धमाकेदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। उन्होंने 45 गेंदों में 69 रन बनाए, जिसमें एक चौका और पांच छक्के शामिल रहे। कर्टिस कैम्फर ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा। लोरकन टकर ने 18 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही आयरलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 181 रन बना सकी। बांग्लादेश के गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। तंजीम हसन शाकिब ने सबसे ज्यादा दो विकेट हासिल किए। उनके अलावा शोरिफुल इस्लाम और रिशाद हुसैन ने एक-एक विकेट चटकाया।

बांग्लादेश के बल्लेबाज रहे फ्लॉप

बांग्लादेश की शुरुआत बहुत ही खराब रही। जब तंजीद हसन तमीम (दो रन) और परवेज हुसैन इमोन (एक रन) बुरी तरह से फ्लॉप रहे। इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे कप्तान लिटन दास से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सैफ हसन के बल्ले से 6 रन निकले। इस तरह से बांग्लादेश ने 18 रनों पर ही अपने चार विकेट गंवा दिए थे और वह मुश्किल में फंसी हुई नजर आ रही थी।

बांग्लादेश के 3 बल्लेबाज ही दोहरे अंक में पहुंचे

फिर तौहीद हृदॉय ने शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। उन्होंने 50 गेंदों में कुल 83 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। जेकर अली के बल्ले से 16 गेंदों में 20 रन निकले।  वहीं शोरिफुल इस्लाम के बल्ले से 12 निकले। बांग्लादेश के लिए ये तीन प्लेयर्स की दोहरे अंक में पहुंच सके। इसी वजह से टीम को जीत नहीं मिल पाई और 142 रन ही बना सकी।

मैथ्यू हम्फ्रीज ने झटके चार विकेट

आयरलैंड के लिए मैथ्यू हम्फ्रीज ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा वह काफी किफायती भी साबित हुए और उन्होंने चार ओवर्स में सिर्फ 13 रन दिए। बैरी मैकार्थी ने तीन विकेट झटके और मार्क एडार के खाते में दो विकेट गए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल