1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जैकेब बेथेल घुटने की चोट के कारण द हंड्रेड से बाहर, पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट खेलने पर भी संशय

जैकेब बेथेल घुटने की चोट के कारण द हंड्रेड से बाहर, पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट खेलने पर भी संशय

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 21, 2026 06:12 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 06:12 pm IST

द हंड्रैड की फ्रैंचाइजी बर्मिंघम फीनिक्स को तगड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार खिलाड़ी जैकेब बेथेल घुटने की चोट के कारण द हंड्रेड से बाहर हो गए हैं।

Jacob Bethell- India TV Hindi
जैकेब बेथेल Image Source : AFP

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर जैकेब बेथेल को लेकर बड़ी खबर आई है। जैकेब बेथेल द हंड्रेड से बाहर हो गए हैं। जिससे वे कप्तानी का अहम अनुभव हासिल करने से चूक गए हैं। इस तरह बर्मिंघम फीनिक्स को तगड़ा झटका लगा है। बेथेल को बर्मिंघम फीनिक्स ने अपना कप्तान नियुक्त किया था। चोट के कारण बेथेल के पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टेस्ट सीरीज में खेलने पर भी संदेह बना हुआ है।

इंग्लैंड क्रिकेट ने जारी किया बयान

भारत के खिलाफ इंग्लैंड की हालिया ODI सीरीज जीत के दौरान बेथेल के दाहिने घुटने में चोट लग गई थी। 20 जुलाई की सुबह MRI स्कैन के बाद उन्होंने द हंड्रेड टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। ECB ने अभी तक उनके ठीक होने में लगने वाले समय के बारे में कुछ नहीं बताया है, लेकिन हेडिंग्ले में पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड का पहला टेस्ट मैच 19 अगस्त से शुरू होने वाला है, जिसमें अब एक महीने से भी कम समय बचा है।

इंग्लैंड की ओर से जारी बयान में कहा गया- दाहिने घुटने में चोट के कारण जैकब बेथेल द हंड्रेड टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। बेथेल को यह चोट ODI सीरीज के दौरान लगी थी और कल सुबह उनका MRI स्कैन हुआ। वह अपना रिहैबिलिटेशन शुरू करेंगे और हम समय आने पर आगे की जानकारी देंगे।

बर्मिंघम फीनिक्स को खलेगी कप्तान की कमी

यह चोट बेथेल के लिए एक बड़ा झटका है, जिन्हें 340000 पाउंड के कॉन्ट्रैक्ट पर रिटेन किए जाने और कप्तान बनाए जाने के बाद इस साल द हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स का चेहरा बनाया जाना था। यह फ्रैंचाइजी अब वारविकशायर और US इन्वेस्टमेंट फंड नाइटहेड कैपिटल की संयुक्त ओनरशिप में है, जिसमें इंग्लैंड के फुटबॉलर जूड बेलिंगहम भी स्टेकहोल्डर हैं।

हाल के हफ्तों में बेथेल ने शानदार फॉर्म हासिल करते हुए इंग्लैंड की टीम में अहम योगदान दिया। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के तीसरे टेस्ट में 74 रन बनाए थे। वहीं, भारत के खिलाफ दूसरे T20I में मैच जिताऊ नाबाद 76 रनों की पारी खेली और फिर ODI सीरीज के तीसरे मैच में 91 रन बनाने के साथ-साथ 1 विकेट भी झटका, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब देखना होगा कि चोट के कारण बेथेल कितने दिन मैदान से दूर रहते हैं।

यह भी पढ़ें:

द हंड्रेड में मंधाना-जेमिमा समेत 4 इंडियन प्लेयर्स का दिखेगा जलवा, कब और कहां देख पाएंगे लाइव

इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज फुटबॉलर केविन कीगन का हुआ निधन, कैंसर से थे पीड़ित

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल