1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 43 की उम्र में भी खेलना जारी रखेंगे जेम्स एंडरसन, 26वें साल में भी इस टीम से बना रहेगा साथ

43 की उम्र में भी खेलना जारी रखेंगे जेम्स एंडरसन, 26वें साल में भी इस टीम से बना रहेगा साथ

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Nov 13, 2025 10:46 pm IST,  Updated : Nov 13, 2025 10:46 pm IST

जेम्स एंडरसन 43 साल की उम्र में भी क्रिकेट में एक्टिव हैं। एंडरसन 26वें साल एक ही टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। उन्होंने लंकाशायर के साथ नया एक साल का करार किया है।

James Anderson- India TV Hindi
जेम्स एंडरसन Image Source : PTI

Jamse Anderson: इंग्लैंड के महान तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने अपने शानदार 25 साल लंबे पेशेवर क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने अपने काउंटी क्लब लंकाशायर के साथ एक साल के नए करार पर हस्ताक्षर किए हैं। इस करार के तहत वे रॉथसे काउंटी चैंपियनशिप और वाइटैलिटी ब्लास्ट दोनों टूर्नामेंटों में खेलते नजर आएंगे। उनका करार 2026 सीजन तक रहेगा।

43 साल के एंडरसन इंग्लैंड क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। उन्होंने 188 टेस्ट मैचों में 704 विकेट लिए हैं, जो किसी भी  तेज गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है। वह भारत के सचिन तेंदुलकर (200 टेस्ट) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाला खिलाड़ी भी हैं।

एंडरसन ने जताई खुशी

एंडरसन ने कहा कि वह लंकाशायर के साथ एक और साल के लिए करार करके बेहद खुश हैं। जवानी के दिनों से ही यह क्लब उनका घर रहा है और एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में खेलते हुए उन्हें आज भी वही उत्साह मिलता है, जो उन्हें अपने डेब्यू के समय मिला था। उन्होंने कहा कि इस साल अपने क्रिकेट का भरपूर आनंद लिया है और उन्हें अब भी लगता है कि उनके पास देने के लिए बहुत कुछ है। वह लाल और सफेद गेंद वाले क्रिकेट दोनों में अच्छा प्रदर्शन करने और टीम की सफलता में योगदान देने के लिए पहले की तरह ही उत्सुक हैं।

लगातार घरेलू क्रिकेट में दिखा रहे दम

एंडरसन ने अपनी काउंटी टीम लंकाशायर के लिए 2001 में डेब्यू किया था और वे अब भी उसी टीम के लिए खेलने को उत्सुक हैं। 2025 सीजन में उन्होंने 6 मैचों में 17 विकेट झटके और कुछ मुकाबलों में कप्तानी भी की। उन्होंने वाइटैलिटी ब्लास्ट में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 विकेट झटके और लंकाशायर को फाइनल्स डे तक पहुंचाया। दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने 10 साल से ज्यादा समय बाद T20 क्रिकेट में वापसी की थी। उनकी इस सफलता के बाद उन्हें द हंड्रेड लीग में मैनचेस्टर ओरिजिनल्स ने वाइल्डकार्ड खिलाड़ी के रूप में चुना गया।

सर की उपाधि से नवाजे गए जिम्मी

गौरतलब है कि एंडरसन ने जुलाई 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉर्ड्स में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला। उन्होंने मई 2003 में इसी मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू किया था। इंटरनेशनल क्रिकेट में अहम योगदान के लिए उन्हें हाल ही में नाइटहुड यानी सर की उपाधि से नवाजा गया। पिछले महीने विंडसर कैसल में आयोजित एक समारोह में उन्हें यह सम्मान मिला। 

यह भी पढ़ें:

बुमराह-सिराज Vs रबाडा-यानसन, दोनों टीमों से किसके पास मजबूत तेज गेंदबाज? जानें रिकॉर्ड

पाकिस्तान क्रिकेट टीम पर बड़ी कार्रवाई, वनडे सीरीज के बीच आईसीसी ने सुनाई कड़ी सजा

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल