लॉर्ड्स के मैदान पर खेले जा रहे भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल काफी रोमांचक रहा, जिसमें इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में 387 रन बनाकर जहां सिमट गई तो वहीं टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 145 रन बना लिए थे। जसप्रीत बुमराह ने दूसरे दिन के खेल में इंग्लैंड की पहली पारी को समेटने में अहम भूमिका अदा की जिसमें उन्होंने कुल 5 विकेट हासिल किए। वहीं बुमराह पहली बार अपने करियर में ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर 5 विकेट हॉल लेने में कामयाब रहे। बुमराह जो दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए उनका वहां पर बिल्कुल ही अलग अंदाज देखने को मिला।
जर्नलिस्ट की पत्नी का आया फोन, बुमराह ने कहा मैं नहीं उठा रहा
भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम इंडिया की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस में जसप्रीत बुमराह आए थे। इस दौरान जब वह पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे तो उसी समय किसी जर्नलिस्ट का फोन बज गया, जिसपर बुमराह का ध्यान तुरंत गया। बुमराह ने फोन देखा और बोला कि किसी की पत्नी का कॉल आ रहा है, हालांकि बाद में उन्होंने हंसते हुए कहा कि मैं इसे नहीं उठा रहा। वहीं बुमराह ने फिर आगे प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछे गए सवाल का जवाब देना चाहा लेकिन फिर उन्होंने कहा कि मैं सवाल ही भूल गया आपने क्या पूछा था।
टीम इंडिया के लिए तीसरा दिन काफी अहम
दूसरे दिन का खेल जब खत्म हुआ तो उस समय तक भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 145 रन बना लिए थे, जिसमें केएल राहुल 53 और ऋषभ पंत 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। ऐसे में टीम इंडिया के लिए तीसरे दिन का खेल काफी अहम रहने वाला है क्योंकि वह अभी भी इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर के मुकाबले 242 रन पीछे हैं। ऐसे में राहुल और पंत दोनों के कंधों पर बड़ी पारी खेलने की जिम्मेदारी है। अब तक इस सीरीज में बल्ले से कमाल दिखाने वाले टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल लॉर्ड्स टेस्ट मैच में पहली पारी में सिर्फ 16 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।
ये भी पढ़ें
भारतीय कप्तान का एक और महाकारनामा, विराट कोहली का कीर्तिमान चकनाचूर किया
T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए इन 2 टीमों ने किया क्वालीफाई, इटली ने पहली बार मारी एंट्री