1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जो रूट एक और बहुत बड़े रिकॉर्ड के करीब, अब तक कोई नहीं कर पाया ये कारनामा

जो रूट एक और बहुत बड़े रिकॉर्ड के करीब, अब तक कोई नहीं कर पाया ये कारनामा

 Published : Jul 28, 2025 01:18 pm IST,  Updated : Jul 28, 2025 01:36 pm IST

Joe Root: जो रूट जल्द ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपने छह हजार रन पूरे कर सकते हैं, वे ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

joe root- India TV Hindi
जो रूट Image Source : GETTY

Joe Root Record: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जो रूट रोज नए नए रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं। खास बात ये भी है कि रूट भारत के खिलाफ खेली जा रही सीरीज के दौरान अच्छे फार्म में हैं और उनके बल्ले से खूब रन भी आ रहे हैं। मैनचेस्टर टेस्ट में ही रूट ने 150 रन की पारी खेली थी। इस बीच अब रूट ने एक और नए कीर्तिमान की ओर कदम बढ़ा दिया है। वे दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बनने के करीब हैं, जिन्होंने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में छह हजार रन पूरे किए हों। 

जो रूट विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में जल्द पूरे करेंगे छह हजार रन

जो रूट अभी भी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। जो रूट ने इस टूर्नामेंट में अब तक 68 मैच खेलकर 5946 रन बनाने का काम किया है। रूट ने अब तक इसमें 20 शतक और 22 अर्धशतक लगाए हैं। इस दौरान जो रूट का औसत 52.61 का रहा है। रूट इस दौरान 262 रनों की भी एक पारी खेल चुके हैं। यानी अब यहां से जो रूट को अगर अपने छह हजार रन इस टूर्नामेंट में पूरे करने हैं तो उन्हें केवल 54 रन और बनाने हैं। जो कोई मुश्किल काम नहीं है। 

स्टीव स्मिथ दूसरे नंबर पर, लेकिन वे काफी पीछे 

जो रूट पिछले छह साल में कितने अच्छा खेल दिखा रहे हैं, इस बात को इसी से समझा जा सकता है कि जहां जो रूट छह हजार रन पूरे करने के करीब हैं, वहीं दूसरा कोई बल्लेबाज अभी तक साढ़े चार हजार रन भी नहीं बना पाए हैं। जो रूट के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज स्टीव स्मिथ हैं, जिन्होंने अब तक 55 टेस्ट खेलकर 4278 रन बनाने का काम किया है। मार्नस लाबुशेन भी ज्यादा पीछे नहीं हैं। उन्होंने 53 टेस्ट खेलकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक 4225 रन बनाए हैं। 

भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज का एक मुकाबला बाकी

अभी भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज का एक और मैच बाकी है, जो 31 जुलाई से खेला जाएगा। सीरीज का आखिरी मुकाबला द ओवल में खेला जाएगा। इसी मुकाबले से तय होगा कि सीरीज कौन सी टीम अपने नाम करेगी। अभी इंग्लैंड की टीम दो मैच जीतकर सीरीज में अपनी बढ़त बनाए हुए है। देखना होगा कि आखिरी मुकाबले में कौन सी टीम बाजी मारती है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल