1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जो रूट ने रचा इतिहास, 23000 रन जड़ने वाले बने पहले अंग्रेज, सचिन तेंदुलकर के स्पेशल क्लब में मारी एंट्री

जो रूट ने रचा इतिहास, 23000 रन जड़ने वाले बने पहले अंग्रेज, सचिन तेंदुलकर के स्पेशल क्लब में मारी एंट्री

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 22, 2026 06:30 pm IST,  Updated : Sep 22, 2026 06:30 pm IST

इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ पहले ODI में इतिहास रच दिया। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले इंग्लैंड के पहले और दुनिया के आठवें बल्लेबाज बन गए हैं।

Joe Root- India TV Hindi
Joe Root Image Source : AFP

इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने श्रीलंका के खिलाफ पहले ODI में मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया। इस तरह उनके करियर में एक और बड़ा रिकॉर्ड जुड़ गया है। चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड में खेले जा रहे पहले ODI मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को तीसरे ही ओवर में पहला झटका लग गया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए जो रूट ने अपनी पारी में 3 रन बनाने के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 हजार रन पूरे कर लिए। 23 हजार इंटरनेशनल रन का आंकड़ा छूते ही रूट इंग्लैंड के लिए ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। वह दुनिया के सिर्फ आठवें क्रिकेटर हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 23000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। रूट ने यह उपलब्धि टेस्ट, ODI और T20 इंटरनेशनल को मिलाकर हासिल की है।

सचिन तेंदुलकर के क्लब में हुए शुमार

रूट से पहले यह मुकाम हासिल करने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में भारत के सचिन तेंदुलकर सबसे ऊपर हैं। सचिन ने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 34357 रन बनाए। भारत के विराट कोहली 28359 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं। श्रीलंका के कुमार संगकारा 28016 रन के साथ तीसरे, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग 27483 रन के साथ चौथे और श्रीलंका के महेला जयवर्धने 25957 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं। साउथ अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक कैलिस ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 25534 रन बनाए, जबकि भारत के राहुल द्रविड़ के नाम 24208 रन हैं। अब रूट ने भी इस खास क्लब में अपनी जगह बना ली है।

टेस्ट में जड़े हैं 14 हजार से ज्यादा रन

रूट का इंटरनेशनल करियर लगातार रिकॉर्ड्स के साथ आगे बढ़ता रहा है। इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले रूट ने खासतौर पर टेस्ट क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब श्रीलंका के खिलाफ पहले ODI में 23 हजार रन पूरे करते ही उनके शानदार इंटरनेशनल करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। रूट के तीनों फॉर्मेट पर नजर डालें तो, टेस्ट में 14278 रन बनाए हैं। वहीं, T20I में 893 रन दर्ज हैं। रूट ने ODI क्रिकेट में अब तक 7829 रन बनाए हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, कामिन्दु मेंडिस, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर/कप्तान), पवन रथनायके, चरिथ असलांका, जेनिथ लियानगे, डुनिथ वेलालेज, दुष्मंथा चमीरा, सचिन्दु कोलोम्बेज, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।

इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: टॉम बैंटन, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रुक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), विल जैक्स, रेहान अहमद, जेमी ओवरटन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।

यह भी पढ़ें:

टीम इंडिया फिर से नंबर वन, अंग्रेजों को पछाड़कर आईसीसी रैंकिंग में किया टॉप

स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में रच दिया इतिहास, दुनिया की कोई खिलाड़ी नहीं कर पाई कारनामा, एशियन गेम्स में जीता गोल्ड

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल