India vs England: इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला भले ही जीत लिया हो, लेकिन दूसरे मैच में उसे करारा जवाब मिला। भारत ने दूसरी पारी में इतना बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया, जिसके बारे में अंग्रेज बल्लेबाज सोच ही नहीं पाए। टीम को जब लगा कि इस मैच को जीत नहीं पाएंगे तो वे ड्रॉ के लिए खेलने लगे। लेकिन ये काम भी वे नहीं कर पाए। इस बीच इंग्लैंड का सबसे बड़ा बल्लेबाज ही इस सीरीज में अब तक फ्लॉप है, अगर यही क्रम जारी रहा तो फिर इंग्लिश टीम के लिए और भी मुसीबतें आएंगे, इसमें ज्यादा शक होना नहीं चाहिए।
जो रूट टेस्ट में अब तक बना चुके हैं 13 हजार से अधिक रन
जो रूट अब तक टेस्ट क्रिकेट में 13 हजार से अधिक रन बना चुके हैं। वे इस वक्त इंग्लैंड के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने रूट का जमकर पानी पिलाया और रन नहीं बनाने दिए। इसी सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में जो रूट ने केवल 28 रन बनाए। दूसरी पारी में उन्होंने 53 नाबाद रन बनाए और अपनी टी को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। लेकिन दूसरे टेस्ट में उनका बल्ला बिल्कुल भी नहीं चला।
बर्मिंघम टेस्ट में पूरी तरह से फ्लॉप रहे रूट
बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट की पहली पारी में जो रूट ने 22 रन बनाए और दूसरी पारी में वे केवल 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इंग्लैंड की टीम को दूसरा मुकाबला हारी है, इसके लिए काफी हद तक जो रूट भी जिम्मेदार हैं। जो रूट लंबी और मैराथन पारियों के लिए जाने जाते हैं, लेकिन दूसरे टेस्ट में उनकी एक नहीं चली और भारत ने बाजी मार ली।
इंग्लैंड की हार जीत में जो रूट की होगी अहम भूमिका
अभी तो सीरीज के तीन और मैच बाकी हैं। तीसरा मुकाबला 10 जुलाई से लॉर्ड्स में शुरू हो जाएगा। अब इंग्लैंड की टीम अगला मैच और ये सीरीज जीतेगी या फिर नहीं, इसका फैसला काफी कुछ जो रूट के फार्म को देखते हुए होगा। जो रूट के पास इस सीरीज में कई नए कीर्तिमान बनाने का मौका है, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि उनका बल्ला उसी अंदाज में बोले, जिसके लिए वे जाने और पहचाने जाते हैं।