IND vs ENG, 4th Test: भारत और इंग्लैंड का मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में आमना-सामना हो रहा है। भारतीय टीम पहली पारी में 358 रनों पर सिमट गई। इसके बाद इंग्लैंड तेज-तर्रार शुरुआत करते हुए भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया। सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैक क्रॉली ने मिलकर पहले विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी की। दोनों बल्लेबाज अपना-अपना शतक तो पूरा नहीं कर पाए लेकिन इंग्लैंड को बेहतरीन आगाज देने में सफल रहे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 225 रन बना लिए हैं। ओली पोप 20 और जो रूट 11 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड भारत से मात्र 133 रन पीछे है।
रूट बनेंगे दुनिया के पहले बल्लेबाज
अब तीसरे दिन के खेल पर सभी की निगाहें टिकी हैं। ओली पोप और जो रूट की कोशिश इंग्लैंड के स्कोर में ज्यादा से ज्यादा रनों का इजाफा करने की होगी ताकि टीम इंडिया पर बढ़त बनाई जा सके। इस दौरान जो रूट के निशाने पर भी खास रिकॉर्ड होगा, जो आज तक कोई नहीं बना पाया है। दरअसल, जो रूट के पास मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में इतिहास रचने का शानदार मौका है। अगर रूट तीसरे दिन अपने खाते में 11 रन और जोड़ लेते हैं, तो वह मैनचेस्टर में 1000 टेस्ट रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। रूट मैनचेस्टर में 12 टेस्ट मैचों की 20 पारियों में अब तक 65.93 के औसत से 989 रन बना चुके हैं। 11 रन और बनाते ही वह 1000 रन पूरे कर लेंगे।
मैनचेस्टर में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज
- जो रूट - 989
- बेन स्टोक्स - 579
- जॉनी बेयरस्टो - 379
- जोस बटलर - 365
- जैक कॉली - 322
- एलिस्टर कुक - 316
जो रूट टेस्ट क्रिकेट में 50 से ज्यादा के औसत से 13270 रन बना चुके हैं। 157 टेस्ट मैचों की 286 पारियों में उन्होंने यह कारनामा किया है। अब मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन 20 रन बनाते ही वह राहुल द्रविड़ और जैक कैलिस को पछाड़कर टेस्ट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर सचिन तेंदुलकर और दूसरे पायदान पर रिंकी पोंटिंग हैं।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- सचिन तेंदुलकर (भारत) - 15921 रन
- रिकी पोटिंग (ऑस्ट्रेलिया) - 13378 रन
- जैक कैलिस (साउथ अफ्रीका) - 13289 रन
- राहुल द्रविड़ (भारत) - 13288 रन
- जो रूट (इंग्लैंड) - 13270 रन