द हंड्रेड 2025 का 12वां मुकाबला 13 अगस्त को वेल्श फायर और मैनचेस्टर ऑरिजिनल्स के बीच खेला गया। इस मैच में मैनचेस्टर के धाकड़ बल्लेबाज जोस बटलर ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में पाकिस्तान के बाबर आजम को पीछे छोड़ दिया है और वह अब लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
डेविड वॉर्नर ने टी-20 क्रिकेट में लगाए हैं सबसे ज्यादा अर्धशतक
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो वहां डेविड वॉर्नर का नाम नंबर एक पर है। वॉर्नर ने 418 पारियों में 113 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने इस फॉर्मेट में 105 अर्धशतक लगाए हैं। 94 अर्धशतक के साथ जोस बटलर लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। चौथे नंबर पर बाबर आजम (93 अर्धशतक) और पांचवें नंबर पर क्रिस गेल (88 अर्धशतक) का नाम मौजूद है।
टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज
- 113 - डेविड वॉर्नर (418 पारी)
- 105 - विराट कोहली (397 पारी)
- 94 - जोस बटलर (436 पारी)
- 93 - बाबर आजम (309 पारी)
- 88 - क्रिस गेल (455 पारी)
वेल्श फायर के बल्लेबाज नहीं खेल पाए बड़ी पारी
वेल्श फायर और मैनचेस्टर ऑरिजिनल्स के बीच खेले गए मुकाबले की बात करें तो वेल्श फायर ने 25 रनों से जीत दर्ज की। फायर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 138 रन बनाए। टीम की तरफ से इस मैच में कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। स्टीव स्मिथ और टॉम कोहलर कैडमोर ने सबसे ज्यादा 26-26 रन बनाए। वहीं टॉम एबल ने 17 गेंदों में 22 और क्रिस ग्रीन ने 9 गेंदों में 19 रनों का योगदान दिया। मैनचेस्टर की तरफ से जोश टंग और स्कॉट क्यूरी ने 3-3 विकेट लिए।
बेकार गई जोस बटलर की अर्धशतकीय पारी
जवाब में मैनचेस्टर ऑरिजिनल्स की टीम 97 गेंदों में 112 रन बनाकर आउट हो गई। जोस बटलर ने इस मैच में टीम के लिए सबसे ज्यादा 34 गेंदों पर 57 रन बनाए। यह द हंड्रेड में बटलर का पांचवां अर्धशतक है। उनके आलावा लुइस ग्रेगरी ने 19 गेंदों में 21 रन बनाए। टीम के अन्य बल्लेबाज इस मैच में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए, जिस वजह से अंत में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वेल्श के लिए वे पर्नेल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट निकाले, वहीं डेविड पेन ने 4 विकेट चटकाए।