5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग 2025 दूसरे क्वालीफायर में 6 विकेट पर 203 रनों का स्कोर खड़ा किया। टॉस जीतकर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, मैच अपने तय समय पर शुरू नहीं हो सका। बारिश के कारण करीब सवा दो घंटे विलंब से शुरू हुए मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई के लिये तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने 44 और नमन धीर ने 37 रन की पारी खेली।
पंजाब को मिला 204 रनों का लक्ष्य
मुंबई के 203 रनों का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की टीम को तीसरे ही ओवर में पहला झटका लग गया। पंजाब के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह महज 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। प्रभसिमरन बोल्ट का शिकार बने। इसके बाद जॉश इंग्लिस नए बल्लेबाज के रुप में क्रीज पर आए और आते ही तेजी से रन जुटाने शुरू कर दिए। पहली गेंद डॉट खेलने के बाद अगली दोनो गेंदों पर बैक टू बैक चौके जड़ अपने इरादे से साफ कर दिए। पंजाब किंग्स ने 4 ओवर खत्म होने तक 1 विकेट खोकर 35 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए थे। इसके बाद 5वें ओवर में जसप्रीत बुमराह अपनी गेंदबाजी का आगाज करने आए और फिर कुछ ऐसा हुआ, जो बहुत ही कम देखने को मिलता है।
बुमराह के ओवर की जमकर धुनाई
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज जॉश इंग्लिस ने पहले ही गेंद से बुमराह पर हमला बोल दिया और चौके से ओवर का स्वागत किया। इसके बाद दूसरी गेंद खाली गई। हालांकि, तीसरी गेंद पर गगनचुंबी छक्का चला गया। चौथी गेंद डॉट रही लेकिन 5वीं गेंद पर चौका आ गया। ओवर का अंत छक्के से हुआ। इस तरह इंग्लिस ने 2 चौके और 2 छक्के जड़ते हुए बुमराह के ओवर की धुनाई करते हुए कुल 20 रन बटोर लिए। आखिरी गेंद पर छक्का खाने के बाद बुमराह को भी यकीन नहीं हुआ कि इस ओवर में उनके साथ क्या हुआ? उन्होंने अपने दोनों हाथ सिर पर रख लिए। इस ओवर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि T20 क्रिकेट में महज 8वीं बार ऐसा हुआ है जब किसी बल्लेबाज ने बुमराह के ओवर में 20 या उससे ज्यादा रन बटोरने का बड़ा कारनामा किया है।