1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इंग्लैंड पहुंचते ही भारतीय बल्लेबाज ने किया बड़ा धमाका, अब तो प्लेइंग-11 में जगह पक्की?

इंग्लैंड पहुंचते ही भारतीय बल्लेबाज ने किया बड़ा धमाका, अब तो प्लेइंग-11 में जगह पक्की?

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 31, 2025 06:08 pm IST,  Updated : May 31, 2025 06:08 pm IST

भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से लीड्स में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इससे पहले इंडिया-ए और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच कैंटरबरी में 30 मई से पहला अनऑफिशियल टेस्ट खेला जा रहा है।

Karun Nair- India TV Hindi
करुण नायर Image Source : INDIA TV

भारत और इंग्लैंड के बीच 20 जून से लीड्स में 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज होना है। इससे पहले इंडिया-ए और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच 2 अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेले जाने हैं। 30 मई से कैंटरबरी में पहले अनऑफिशियल टेस्ट मैच का आगाज भी हो चुका है, जिसमें करुण नायर ने बल्ले से धमाका कर दिया है। भारतीय टेस्ट टीम में 8 साल बाद वापसी करने वाले करुण नायर ने दोहरा शतक जड़ दिया है। पहले दिन करुण नायर ने शानदार अंदाज में अपना शतक पूरा किया और फिर दूसरे दिन के आगाज के साथ ही दोहरा शतक जड़ने का बड़ा कारनामा कर दिखाया। 

इंग्लैंड में बल्ले से किया कमाल

करुण नायर ने पहले दिन सरफराज खान के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 181 रन और फिर ध्रुव जुरेल के साथ चौथे विकेट के लिए 195 रनों की साझेदारी की। इस दौरान उन्होंने एक छोर संभाले रखा और फिर दूसरे दिन 101वें ओवर में चौके से अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया। उन्होंने 281 गेंदों पर 26 चौके और 1 छक्के की मदद से 204 रनों की पारी खेली और इंडिया-ए को 450 से ज्यादा के स्कोर तक पहुंचाया। इस शानदार पारी के बाद करुण नायर की हेडिंग्ले के लीड्स में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह पक्की मानी जा रही है।

दरअसल, करुण नायर इंग्लैंड की परिस्थितियों से भलीभांति वाकिफ हैं। इंग्लैंड में करुण नायर के बल्ले से आया ये दूसरा दोहरा शतक है। पिछले साल भी नायर ने काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन-2 में नॉर्थहैम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए ग्लेमोर्गन के खिलाफ नाबाद 202 रनों की पारी खेली थी। उस सीजन उन्होंने 48.70 के औसत से 7 मैचों में 487 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक आए थे।

प्लेइंग-11 में जगह पक्की?

यही नहीं, करुण नायर ने घरेलू क्रिकेट में पिछले सीजन में रनों का अंबार लगाया था। रणजी ट्रॉफी 2024-25 में उन्होंने 4 शतक की मदद से 863 रन जड़े थे और टूर्नामेंट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी में भी 5 शानदार शतक जड़ते हुए सिलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा था और आखिरकार IPL 2025 के बीच इंग्लैंड के लिए चुनी गई भारतीय टेस्ट टीम में 8 साल बाद जगह बनाने में सफल रहे थे। अब इंग्लैंड में पैर रखते ही उन्होंने बल्ले से धमाका कर दिया है। ऐसे में पहले टेस्ट मैच में उनका खेलना अब लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, टीम मैनेजमेंट सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्लेइंग-11 का सिलेक्शन करेगी। फिर भी नायर को नजरअंदाज करना बहुत ही मुश्किल होगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल