यूपी टी20 लीग 2025 का फाइनल मुकाबला मेरठ मैवरिक्स और काशी रूद्रास के बीच खेला गया। इस मैच में करन शर्मा की कप्तानी वाली काशी की टीम ने मेरठ को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 144 रन बनाए। इसके बाद काशी की टीम ने करन शर्मा और अभिषेक गोस्वामी की पारियों की बदौलत टारगेट आसानी से चेज कर लिया। काशी की टीम के लिए कप्तान करन सबसे बड़े हीरो साबित हुए।
मेरठ के बल्लेबाज रहे फ्लॉप
मेरठ मैवरिक्स के नियमित कप्तान रिंकू सिंह थे। लेकिन वह भारतीय टीम के साथ एशिया कप 2025 के लिए दुबई पहुंच गए हैं। इसी वजह से उनकी जगह कप्तानी की जिम्मेदारी माधव कौशिक संभाल रहे हैं। उन्होंने फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन उनका ये दांव उल्टा पड़ गया, जब मेरठ की टीम के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और निर्धारित 20 ओवर्स में सिर्फ 144 रन ही बना पाई। टीम के लिए प्रशांत चौधरी ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। उन्हें बाकी के बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।
मिडिल ऑर्डर नहीं दिखा पाया दम
मेरठ मैवरिक्स की शुरुआत बहुत ही खराब रही। जब स्वास्तिक चिकारा अपना खाता तक नहीं खोल पाए। इसके बाद कप्तान माधव कौशिक भी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। दिव्यांस राजपूत और रितिक वत्स ने 18-18 रन बनाए। अक्षय दुबे ने 17 रनों का योगदान दिया। लेकिन ये खिलाड़ी बड़ी पारियां नहीं खेल पाए। काशी रूद्रास की टीम के लिए सुनील कुमार, कार्तिक यादव और शिवम मावी ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। इन बॉलर्स ने किफायती गेंदबाजी की और मेरठ के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
करन शर्मा ने खेली दमदार पारी
काशी रूद्रास की टीम के लिए अभिषेक गोस्वामी और करन शर्मा ने दमदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। इन दोनों प्लेयर्स ने पहले विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी की थी और जीत की नींव रख दी थी। करन ने 31 गेंदों में 65 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और दो छक्के लगाए। अभिषेक अंत तक आउट नहीं हुए। उन्होंने 45 गेंदों में 61 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और एक छक्का शामिल रहा। अभिषेक ने चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई। दूसरी तरफ मैच में तूफानी पारी खेलते के लिए करन शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड मिला। मेरठ की टीम के लिए गेंदबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। कार्तिक त्यागी और यश गर्ग ने एक-एक विकेट चटकाया।
यह भी पढ़ें:
एशिया कप 2025 के लिए सूर्या-बुमराह ने कसी कमर, पहले मैच के लिए अर्शदीप ने भरी हुंकार
भारत ने फाइनल में मारी धमाकेदार एंट्री, खिताब के लिए सबसे सफल टीम से होगा सामना