Tuesday, February 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केएल राहुल वनडे डेब्यू पर बना चुके ऐसा रिकॉर्ड, टूटना असंभव; सिर्फ हो सकती है बराबरी

केएल राहुल वनडे डेब्यू पर बना चुके ऐसा रिकॉर्ड, टूटना असंभव; सिर्फ हो सकती है बराबरी

Written By: Govind Singh @GovindS48617417
Published : Apr 18, 2025 10:01 am IST, Updated : Apr 18, 2025 10:05 am IST

KL Rahul: केएल राहुल आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं और वह 33 साल के हो चुके हैं। उन्होंने भारतीय टीम के लिए वनडे क्रिकेट में साल 2016 में डेब्यू किया और उस मैच में एक बेहतरीन रिकॉर्ड बनाया था, जो आज तक कायम है।

केएल राहुल- India TV Hindi
Image Source : GETTY केएल राहुल

KL Rahul Birthday: केएल राहुल की गिनती भारत के बेहतरीन प्लेयर्स में होती है। वह भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेल चुके हैं और भारतीय टीम के बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बने हुए हैं। उनके पास ऐसी बल्लेबाजी तकनीक है कि वह मुश्किल परिस्थितियों में क्रीज पर टिके रह सकते हैं। उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए जरूर कुछ समय लिया, लेकिन आज वह एक सफल क्रिकेटर है। अपनी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत ही उन्होंने एक अलग पहचान बनाई है।

केएल राहुल का जन्म 18 अप्रैल 1992 को कर्नाटक के बैंगलोर में हुआ था। बचपन से ही उनकी रुचि क्रिकेट में थी और साल 2010 में उनका भारतीय अंडर-19 टीम में चयन हो गया। इसके बाद वह U19 वर्ल्ड कप 2010 में खेले भी। फिर साल 2013-14 के सीजन में कर्नाटक की तरफ से रणजी ट्रॉफी में उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन किया और सभी को प्रभावित करने में सफल रहे। उस सीजन उन्होंने रौद्र रूप दिखाते  हुए कुल 1033 रन बना डाले, जिसमें तीन शतक और 9 अर्धशतक शामिल थे। इसके बाद आईपीएल ऑक्शन में आरसीबी की टीम ने उन्हें खरीद लिया। फिर अगले साल सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने उनकी काबिलियत को देखते हुए ही उन्हें एक करोड़ रुपए में स्क्वाड में शामिल कर लिया। 

भारत के लिए वनडे डेब्यू पर किया कमाल

फिर आया साल 2016। केएल राहुल ने भारतीय टीम के लिए वनडे क्रिकेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ डेब्यू किया। अपने पहले ही मैच में उन्होंने दमदार शतक लगाया और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने आने का ऐलान भी कर दिया। उन्होंने बता दिया कि वह लंबे समय तक भारतीय टीम में रहने वाले हैं। राहुल ने अपने पहले ODI मैच में 115 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वह अंत तक आउट नहीं हुए। वनडे क्रिकेट के इतिहास में राहुल पहले ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं, जिन्होंने डेब्यू पर शतक लगाया था। उनके अलावा आज तक कोई दूसरा भारतीय ऐसा नहीं कर पाया है। अब उनका ये रिकॉर्ड टूटना असंभव है, क्योंकि अगर कोई दूसरा भारतीय शतक लगाता है, तो वह उनकी बराबरी करेगा। उनका रिकॉर्ड बरकरार रहेगा।

इंटरनेशनल क्रिकेट में लगा चुके 17 शतक

वनडे में डेब्यू के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अभी तक टीम इंडिया के लिए 58 टेस्ट मैचों में 3257 रन, 85 वनडे मैचों में कुल 3043 रन और 72 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कुल 2265 रन बनाए हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में उनके नाम पर कुल 17 दर्ज हैं। वह भारतीय टीम के साथ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब भी जीत चुके हैं।

IPL में दिखा चुके जलवा

केएल राहुल इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में अपना जलवा बिखेर चुके हैं। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 137 मैचों में कुल 4921 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से चार शतक और 39 अर्धशतक निकले हैं। मौजूदा सीजन में वह दिल्ली कैपिटल्स से खेल रहे हैं और इसके लिए दिल्ली की टीम ने 14 करोड़ रुपए चुकाए हैं।

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement