Kusal Mendis ODI Century: एक तरफ जब टीम इंडिया टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर है, उस वक्त दुनियाभर में जबरदस्त क्रिकेट खेला जा रहा है। हर दिन कोई ना कोई मैच हो रहा है। इस बीच श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच तीसरा वनडे मुकाबला जारी है, इसमें कुसल मेंडिस ने शानदार शतक जड़ दिया है। खास बात ये है कि कुसल लगातार अच्छा खेल दिखा रहे हैं। वे अर्धशतक तो जड़ रहे हैं, लेकिन शतक पूरा नहीं कर पा रहे थे, लेकिन अब उन्होंने ये काम भी कर दिखाया है।
बांग्लादेश के खिलाफ लगातार रन बना रहे हैं कुसल मेंडिस
बांग्लादेश क्रिकेट टीम इस वक्त श्रीलंका के दौरे पर है। जहां टेस्ट और वनडे सीरीज खेली जा रही है। बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में कुसल मेंडिस ने 84 रनों की एक बढ़िया पारी खेली थी। इसके बाद जब वनडे सीरीज का आगाज हुआ तो पहले मैच में उन्होंने 45 रन बनाए। दूसरे वनडे में कुसल ने फिर से 56 रनों की बेहतरीन पारी खेली और बताया कि वे इस वक्त फार्म हैं। लेकिन शतक की कमी थी, जो तीसरे टेस्ट में पूरी हो गई। बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में उन्होंने केवल 95 बॉल पर अपनी सेंचुरी पूरी कर ली। ये उनका वनडे में छठा शतक है।
बांग्लादेश के खिलाफ पूरे किए 2000 रन
कुसल मेंडिस अब दुनियाभर के उन प्लेयर्स की लिस्ट में शुमार हो गए हैं, जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में दो हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। ऐसे केवल चार ही बल्लेबाज हैं। श्रीलंका के ही कुमार संगकारा, जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर, इसी देश के हैमिल्टन मसाकाद्जा। अब इसमें कुसल का नाम भी शामिल हो गया है।
मुश्किल वक्त में आए और फिर की बढ़िया साझेदारी
कुसल मेंडिस इस मैच में तब बल्लेबाजी के लिए आए थे, जब निशान मधुश्का केवल एक रन बनाकर आउट हो गए थे और टीम का स्कोर केवल 13 रन ही था। लेकिन कुसल मेंडिस ने सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका के साथ साझेदारी की और इसके बाद कामेंदु मेंडिस के साथ भी पार्टनरशिप की। चरित असलंका ने अर्धशतक लगाकर उनके साथ एक बेहतरीन साझेदारी की, जिसकी बदौलत टीम एक अच्छा और मैच जीतने लायक स्कोर बनाने में कामयाब रही।