1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 2 साल बाद लौट रहा है लोकप्रिय T20 लीग का रोमांच, शेड्यूल को लेकर हुआ बड़ा ऐलान

2 साल बाद लौट रहा है लोकप्रिय T20 लीग का रोमांच, शेड्यूल को लेकर हुआ बड़ा ऐलान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : May 18, 2026 08:58 pm IST,  Updated : May 18, 2026 08:58 pm IST

लंका प्रीमियर लीग के नए सीजन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। LPL 2026 की शुरुआत जाफना और गॉल के बीच मुकाबले से होगी। इस बार LPL में पांच टीमें हिस्सा लेंगी और ऑक्शन की जगह 1 जून को प्लेयर ड्राफ्ट आयोजित किया जाएगा।

LPL 2026- India TV Hindi
लंका प्रीमियर लीग Image Source : AFP

Lanka Premier League 2026: श्रीलंका में एक बार फिर T20 क्रिकेट का धमाका होने जा रहा है। करीब दो साल के इंतजार के बाद लंका प्रीमियर लीग यानी LPL की वापसी होने जा रही है और अब टूर्नामेंट के शेड्यूल का भी ऐलान कर दिया गया है। LPL 2026 का आगाज 17 जुलाई से होगा, जहां पहले ही मुकाबले में 2024 फाइनल का रीमैच देखने को मिलेगा। टूर्नामेंट का ओपनिंग मुकाबला मौजूदा चैंपियन जाफना और 2024 की रनर-अप गॉल के बीच कोलंबो के SSC ग्राउंड में खेला जाएगा। खास बात यह है कि मुकाबले से पहले भव्य ओपनिंग सेरेमनी भी आयोजित की जाएगी। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

फाइनल के लिए रिजर्व डे

इस बार LPL 17 जुलाई से 8 अगस्त तक खेला जाएगा, जबकि फाइनल के लिए 9 अगस्त को रिजर्व डे रखा गया है। इससे पहले श्रीलंका क्रिकेट ने टूर्नामेंट की शुरुआत 10 जुलाई से होने की जानकारी दी थी, लेकिन अब संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया गया है। टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले कोलंबो में होंगे, जिसके बाद प्रतियोगिता दांबुला और कैंडी पहुंचेगी। वहीं नॉकआउट मुकाबले और फाइनल फिर से कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाएंगे।

5 टीमें करेंगी शिरकत

LPL 2026 में पांच टीमें हिस्सा लेंगी, जो जाफना, कोलंबो, कैंडी, गॉल और दांबुला का प्रतिनिधित्व करेंगी। हालांकि, फ्रेंचाइजियों के आधिकारिक नाम और मालिकाना ढांचे का ऐलान अभी बाकी है। श्रीलंका क्रिकेट जल्द ही टीम ब्रांडिंग और अन्य जानकारी जारी कर सकता है। इस बार टूर्नामेंट में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा क्योंकि पिछले दो सीजन की तरह ऑक्शन नहीं, बल्कि 1 जून को प्लेयर ड्राफ्ट आयोजित किया जाएगा। ड्राफ्ट सिस्टम लागू होने के कारण किसी भी टीम को पुराने खिलाड़ियों को रिटेन करने की अनुमति नहीं होगी। इससे सभी टीमों की स्क्वॉड में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

2 लोकल प्लेयर को किया जरूरी

हर टीम में कम से कम 18 खिलाड़ी रखना अनिवार्य होगा, जबकि अधिकतम स्क्वॉड साइज 20 खिलाड़ियों की होगी। साथ ही श्रीलंका क्रिकेट ने घरेलू युवा खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए नियम बनाया है कि हर टीम में दो स्थानीय U-23 इमर्जिंग खिलाड़ी होना जरूरी होगा और उनमें से कम से कम एक खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन में शामिल रहेगा। सोशल मीडिया पर हाल ही में विवाद तब शुरू हुआ था जब शुरुआती ड्राफ्ट गाइडलाइन में आइकॉन और स्टार कैटेगरी खिलाड़ियों के लिए 2.5 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स की शर्त रखी गई थी। हालांकि बाद में श्रीलंका क्रिकेट ने इस नियम को हटा दिया। इसके अलावा खिलाड़ियों की मीडिया और फैन एंगेजमेंट पर भी खास जोर दिया गया है। तय नियमों का पालन नहीं करने पर खिलाड़ियों की मैच फीस में 5% से 50% तक कटौती की जा सकती है।

LPL 2026 का शेड्यूल

  • 17-19 जुलाई: कोलंबो लेग (SSC ग्राउंड)
  • 21-26 जुलाई: दांबुला लेग
  • 28 जुलाई-2 अगस्त: कैंडी लेग
  • 5 और 7 अगस्त: क्वालिफायर और एलिमिनेटर
  • 8 अगस्त: फाइनल
  • 9 अगस्त: रिजर्व डे

यह भी पढ़ें:

CSK vs SRH: क्या आज के मैच में खेल रहे हैं धोनी? चेन्नई के कप्तान गायकवाड़ ने कर दिया साफ

टीम इंडिया के श्रीलंका दौरे पर आया बड़ा अपडेट, जानिए कब से कब तक खेली जाएगी टेस्ट सीरीज

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल