1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया ने कब इंग्लैंड में खेली थी आखिरी वनडे सीरीज, रोहित थे कप्तान, तीसरे मैच में पंत ने लगाई थी सेंचुरी

टीम इंडिया ने कब इंग्लैंड में खेली थी आखिरी वनडे सीरीज, रोहित थे कप्तान, तीसरे मैच में पंत ने लगाई थी सेंचुरी

 Written By: Hitesh Jha @HiteshjhaL58268
 Published : Jul 13, 2026 02:30 pm IST,  Updated : Jul 13, 2026 02:31 pm IST

टीम इंडिया ने इंग्लैंड में अपने आखिरी वनडे सीरीज साल 2022 में खेली थी। उस सीरीज में टीम इंडिया का प्रदर्शन कैसा रहा था, यहां उसकी जानकारी दी गई है।

IND vs ENG- India TV Hindi
भारत बनाम इंग्लैंड Image Source : AFP

भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जुलाई से हो रही है। सीरीज का पहला मैच बर्मिंघम में खेला जाएगा। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज खेली गई थी, जिसमें इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से हरा दिया था। टी-20 सीरीज में मिली इस करारी हार के बाद, अब भारतीय टीम वनडे सीरीज में हर हाल में दमदार वापसी करना चाहेगी और इसे जीतने की पूरी कोशिश करेगी। आपको बता दें कि भारतीय टीम लगभग 3 साल के लंबे अंतराल के बाद इंग्लैंड की धरती पर कोई वनडे सीरीज खेलने जा रही है। पिछली बार जब भारत ने इंग्लैंड में वनडे सीरीज खेली थी, तब का रिकॉर्ड और प्रदर्शन कैसा था, उसकी पूरी जानकारी नीचे दी गई है।

पिछली वनडे सीरीज में कैसा रहा था टीम इंडिया का प्रदर्शन?

भारतीय क्रिकेट टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में इंग्लैंड की सरजमीं पर अपनी आखिरी वनडे सीरीज जुलाई 2022 में खेली थी। इस सीरीज को टीम इंडिया ने 2-1 से अपने नाम किया था। सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच 17 जुलाई 2022 को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला गया था, जो आज भी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की ऐतिहासिक शतकीय पारी के लिए याद किया जाता है। इस मैच में ऋषभ पंत ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 113 बॉल पर नाबाद 125 रन की मैच विनिंग पारी खेली थी। इसके लिए उन्हें आखिरी मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला था।

आखिरी मैच में पंत और पांड्या का प्रदर्शन रहा था शानदार

इस आखिरी मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों खासकर हार्दिक पांड्या (4 विकेट) और युजवेंद्र चहल (3 विकेट) की घातक गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड की पूरी टीम 45.5 ओवरों में 259 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड के लिए इस मैच में कप्तान जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। 260 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज रीस टोपली ने कहर बरपाते हुए भारत के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त कर दिया था। कप्तान रोहित शर्मा (17), शिखर धवन (1) और विराट कोहली (17) सस्ते में पवेलियन लौट गए। जल्द ही सूर्यकुमार यादव (16) भी आउट हो गए और देखते ही देखते भारत का स्कोर 4 विकेट पर सिर्फ 72 रन हो गया। इसके बाद ऋषभ पंत और हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 133 रनों की बेहतरीन साझेदारी कर मैच का पासा पलट दिया। हार्दिक पांड्या 55 गेंदों में 71 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए, लेकिन ऋषभ पंत क्रीज पर डटे रहे और टीम को जीत दिलाकर वापस लौटे।

सीरीज के पहले दो मैचों का हाल

इस वनडे सीरीज का पहला मैच लंदन में खेला गया था। इस मुकाबले को टीम इंडिया ने आसानी से 10 विकेट से अपने नाम कर लिया था। इस मैच में इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 110 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। जवाब में टीम इंडिया ने इस टारगेट को 18.4 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया था। वहीं इस सीरीज का दूसरा मैच लॉर्ड्स में खेला गया था। इस मुकाबले में इंग्लैंड ने एकतरफा अंदाज में 100 रनों से जीत दर्ज की थी। मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड की टीम 246 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जवाब में टीम इंडिया 38.5 ओवर में 146 रन पर सिमट गई थी। इस पूरे सीरीज में भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन शानदार रहा था, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला था।

यह भी पढ़ें

वनडे में इंग्लैंड पर भारी रही है टीम इंडिया, हेड-टू-हेड आंकड़े दे रहे गवाही, कुछ ऐसा है रिकॉर्ड

विराट कोहली नए मुकाम के बेहद करीब, सौरव गांगुली की कर लेंगे बराबरी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल