LSG vs DC: IPL 2026 के पहले ही मैच के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के खेमें में तनाव का माहौल नजर आया। लखनऊ सुपर जायंट्स को सीजन के अपने पहले ही मैच में दिल्ली के हाथों 6 विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद लखनऊ की टीम के मालिक संजीव गोयनका, कप्तान ऋषभ पंत और हेड कोच जस्टिन लैंगर के बीच मैदान पर गंभीर बातचीत ने सबका ध्यान खींच लिया।
दिल्ली के खिलाफ हार के बाद जहां लखनऊ के बाकी खिलाड़ी DC के खिलाड़ियों से गुफ्तगू करते नजर आए। वहीं, संजीव गोयनका को पंत और लेंगर से गहरी चर्चा करते हुए देखा गया। बातचीत के दौरान वह कुछ समझाते नजर आए, जबकि पंत भी अपनी बात रखते दिखे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो ने उस पुरानी घटना की याद दिला दी, जब केएल राहुल लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के कप्तान हुआ करते थे। उस दौरान एक मैच में हार के बाद संजीव गोयनका ने केएल राहुल को जमकर लताड़ लगाई थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
119 रन की मैच जिताऊ साझेदारी
IPL 2026 के 5वें मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 142 रनों का लक्ष्य मिला था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम शुरुआत में मुश्किल में नजर आ रही थी। लेकिन इसके बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने पहले पारी को संभाला और फिर आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी। रिजवी और स्टब्स के बीच 119 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। रिजवी ने 47 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाए, जबकि स्टब्स ने 32 गेंदों में 39 रन की अहम पारी खेली। दोनों ने मिलकर टीम को 17.1 ओवर में ही जीत दिला दी।