1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. SL vs NZ: सैंटनर-मैककोन्ची ने की ऐसी साझेदारी, वर्ल्ड कप में ध्वस्त कर दिया 16 साल पुराना रिकॉर्ड

SL vs NZ: सैंटनर-मैककोन्ची ने की ऐसी साझेदारी, वर्ल्ड कप में ध्वस्त कर दिया 16 साल पुराना रिकॉर्ड

 Written By: Abhishek Pandey @anupandey29
 Published : Feb 25, 2026 10:53 pm IST,  Updated : Feb 25, 2026 10:53 pm IST

SL vs NZ: न्यूजीलैंड ने जहां श्रीलंका को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में एकतरफा मात दी तो वहीं इस मैच में उनके कप्तान मिचेल सैंटनर और कोल मैककोन्ची के बीच हुई 7वें विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी ने टूर्नामेंट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

Mitchell Santner And Cole McConchie- India TV Hindi
मिचेल सैंटनर और कोल मैककोन्ची Image Source : AFP

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 के मुकाबलों की शुरुआत हो चुकी है, जिसमें 25 फरवरी को श्रीलंका और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में अहम मैच खेला गया। इस मैच को न्यूजीलैंड की टीम ने एकतरफा 61 रनों से अपने नाम करने के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को और भी पुख्ता कर लिया है। वहीं श्रीलंकाई टीम इस हार के साथ उनका सुपर-8 में सफर खत्म होना भी तय हो गया है। न्यूजीलैंड के लिए इस मुकाबले में उन्हें जीत दिलाने में उनके कप्तान मिचेल सैंटनर ने अहम भूमिका अदा की जिसमें उनका बल्ले से कमाल देखने को मिला। वहीं सैंटनर और कोल मैककोन्ची के बीच इस मुकाबले में हुई 7वें विकेट के लिए साझेदारी ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में एक 16 साल पुराना बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

सैंटनर-मैककोन्ची की जोड़ी ने तोड़ा हसी-स्मिथ का रिकॉर्ड

श्रीलंका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी, जिसमें उन्होंने एक समय 84 के स्कोर तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां से उनको मुकाबले में फिर से वापस लाने में मिचेल सैंटनर और कोल मैककोन्ची की जोड़ी ने अहम भूमिका निभाई। दोनों के बीच 7वें विकेट के लिए सिर्फ 47 गेंदों में 84 रनों की शानदार साझेदारी देखने को मिली, जिसके दम पर कीवी टीम इस मुकाबले में 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 168 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही थी। सैंटनर और मैककोन्ची के बीच हुई ये साझेदारी अब टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 7वें या उससे नीचे के विकेट के लिए अब तक की सबसे बड़ी रनों की साझेदारी है। इससे पहले ये रिकॉर्ड माइक हसी और स्टीव स्मिथ की ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी के नाम पर था, जिन्होंने साल 2010 के टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ ब्रिजटाउन के मैदान पर खेले गए मुकाबले में 74 रनों की साझेदारी की थी।

रचिन रवींद्र ने गेंद से दिखाया कमाल

न्यूजीलैंड की टीम को इस मुकाबले में जीत दिलाने में रचिन रवींद्र ने गेंद से अहम भूमिका निभाई, जिसमें वह बल्ले से तो कोई कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रचिन अपने देश के लिए तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्पिन गेंदबाजी प्रदर्शन करने में कामयाब रहे। रचिन ने इस मैच में 27 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए। इसी के साथ ये न्यूजीलैंड की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में उनके किसी भी स्पिन गेंदबाज का अब तक का तीसरा सबसे बेहतरीन प्रदर्शन बन गया।

ये भी पढ़ें

भारत बनाम जिम्बाब्वे से पहले ये मैच टीम इंडिया के लिए अहम, इसी से तय होगी सेमीफाइनल की एंट्री

IND vs ZIM: टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में 2 बदलाव संभव, जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबला

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल